राजनीति: ‘बाबूजी’ की विरासत ही आज यूपी के विकास की आधारशिला बनी है सीएम योगी

‘बाबूजी’ की विरासत ही आज यूपी के विकास की आधारशिला बनी है  सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पूर्व सीएम स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘बाबूजी’ (कल्याण सिंह) का पूरा जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और जनता की सेवा को समर्पित रहा। उनकी विरासत ही आज यूपी के विकास की आधारशिला बनी है।

अलीगढ़, 21 अगस्त (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पूर्व सीएम स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘बाबूजी’ (कल्याण सिंह) का पूरा जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और जनता की सेवा को समर्पित रहा। उनकी विरासत ही आज यूपी के विकास की आधारशिला बनी है।

सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी का जन्म अलीगढ़ जिले के एक छोटे से किसान परिवार में हुआ था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उन्हें बचपन में ही राष्ट्रीयता के संस्कार मिले। शिक्षक के रूप में और फिर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपना जीवन भारत माता और भारतीयता के लिए समर्पित किया। आज उनकी पुण्यतिथि पर प्रदेश की जनता की ओर से, हर रामभक्त की ओर से और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय राजनीति में बाबूजी को जो भी जिम्मेदारी मिली, उन्होंने अपने आदर्शों की अमिट छाप छोड़ी। 1977 में स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी। 1990 में जब प्रदेश की स्थिति बिगड़ी हुई थी, तब उन्होंने कानून का राज स्थापित कर सुशासन का लक्ष्य सामने रखा। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने विरासत और विकास की यात्रा को साथ-साथ आगे बढ़ाने का काम किया। कांग्रेस ने 1992 में अलोकतांत्रिक तरीके से उनकी सरकार को बर्खास्त किया था। उस कठिन समय में उन्होंने बिना देर किए राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए अपने पद का बलिदान दिया। जब विवादित ढांचा गिरा, तब कल्याण सिंह ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। उन्होंने कहा कि किसी रामभक्त को आंच नहीं आनी चाहिए। उन्होंने साहस दिखाकर श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जो विकास, सुशासन और सुरक्षा का वातावरण बना है, उसकी आधारशिला बाबूजी ने 1990 और 1996 के कार्यकाल में रखी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज डबल इंजन की सरकार उन्हीं आदर्शों को अंगीकार करते हुए प्रदेश को नई बुलंदियों की ओर ले जा रही है। यही बाबूजी को सच्ची श्रद्धांजलि है। प्रदेश के कई संस्थानों का नाम बाबूजी की स्मृति में रखा गया है। बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज, लखनऊ का सुपर स्पेशलिटी कैंसर हॉस्पिटल और राजधानी में स्थापित उनकी भव्य प्रतिमा इसके उदाहरण हैं।

सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज 'पीडीए' (परिवार विकास अथॉरिटी) के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, वही लोग कभी दंगे भड़काते थे और हिंदू त्योहारों पर रोक लगाते थे। वो लोग कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे, दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव में बाधा डालते थे। जब दंगे होते थे, अलीगढ़, बरेली, मुजफ्फरनगर और मेरठ में हिंसा भड़कती थी, तब ये लोग पीड़ित हिंदुओं, दलितों और पिछड़ों के पक्ष में नहीं बोलते थे। केवल भाजपा उनके साथ खड़ी थी।

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष फैसला देने वाले न्यायाधीशों को धमकियां दी जाती हैं, चुनाव आयोग पर आक्षेप लगाए जाते हैं। यह वही लोग हैं, जो बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को मतदाता बनाने की साजिश रचते हैं, ताकि भारत के नागरिकों को उनके अधिकारों से वंचित किया जाए। ऐसी ताकतों के खिलाफ डबल इंजन की सरकार मजबूती से खड़ी है। आज स्व. कल्याण सिंह के आदर्शों पर चलते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तुष्टिकरण नहीं बल्कि सबका साथ, सबका विकास और सबकी सुरक्षा की नीति लागू है और देश तेजी के साथ विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, गुंडागर्दी और माफिया राज का बोलबाला था। बीते साढ़े आठ वर्षों में यूपी दंगा मुक्त और माफियाओं से मुक्त हुआ है। आज अलीगढ़ से लेकर कासगंज और एटा तक हजारों युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस बल में जगह मिली है। पहले भ्रष्टाचार और अराजकता की वजह से यह संभव नहीं था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Aug 2025 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story