विज्ञान/प्रौद्योगिकी: पिछले 10 वर्षों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की प्रगति अभूतपूर्व जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। देश में आज दूसरा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जा रहा है, जो चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता को समर्पित है। इस अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने हिस्सा लिया। उनके साथ केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और इसरो चेयरमैन डॉ. वी. नारायणन भी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "दो साल पहले हिंदुस्तान दुनिया का पहला देश बना, जो चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचा था। हाल ही में शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की उपलब्धि हासिल की है। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि एक्सिओम-4 मिशन में शामिल होने का निमंत्रण उनकी ओर से आया था। भारतीय टैलेंट को अब पहचाना जा रहा है।"
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा, "पिछले 10 वर्षों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। 'ऑपरेशन सिंदूर' ने हमें इस तकनीक को पाकिस्तान की धरती पर परखने का मौका दिया और विश्व को यह दिखाया कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्या हासिल किया है।"
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा, "हम जो कुछ कर रहे हैं या जिसकी योजना बना रहे हैं इसे देख मैं काफी उत्साहित हूं। दो साल पहले हमारे पास जश्न का मौका नहीं था। एक साल के भीतर, यह मुमकिन है। हमारे पास आगे बढ़ने के लिए- गगनयान, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन और चंद्रमा पर उतरने को लेकर कई मिशन हैं। बस जरूरत है जोश की। यहां बैठे हरेक बच्चे से यही उम्मीद है कि वो इस दिशा में आगे बढ़ेगा। देश को आपकी जरूरत है।"
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर हम चंद्रयान-3 के माध्यम से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव मना रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष अन्वेषण में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जो अनंत संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। मैं हमारे देश के प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई देता हूं, जिनकी समर्पण और प्रतिभा हमें गौरवान्वित करती है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Aug 2025 2:04 PM IST