राष्ट्रीय: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में भव्य स्वागत, जानिए पूरा कार्यक्रम

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में भव्य स्वागत, जानिए पूरा कार्यक्रम
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, जिन्होंने एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग किए और लखनऊ का नाम अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक पहुंचाया, सोमवार को अपने गृह नगर लौट रहे हैं। उनके आगमन पर राजधानी में भव्य स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं।

लखनऊ, 24 अगस्त (आईएएनएस)। अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, जिन्होंने एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग किए और लखनऊ का नाम अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक पहुंचाया, सोमवार को अपने गृह नगर लौट रहे हैं। उनके आगमन पर राजधानी में भव्य स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं।

शुभांशु शुक्ला के पूर्व विद्यालय सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) ने उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रमों की घोषणा की है। स्कूल के प्रवक्ता ऋषि खन्ना ने बताया कि शुभांशु के सम्मान में सोमवार को सीएमएस गोमती नगर विस्तार कैंपस में एक भव्य परेड का आयोजन होगा, जिसमें छात्र-छात्राएं अपने अग्रज की ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें सैल्यूट करेंगे।

एयरपोर्ट से शहर पहुंचने के दौरान शुभांशु शुक्ला खुली जीप में लखनऊवासियों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। इसके बाद वे सीएमएस ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में शामिल होंगे, जहां छात्रों का उत्साहपूर्ण स्वागत उनका इंतजार करेगा। राजधानी स्तर पर होने वाला यह सम्मान समारोह भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में शुभांशु शुक्ला का नागरिक अभिनंदन करेंगे। इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे।

वित्त मंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, राज्य मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी अजीत सिंह पाल और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी कार्यक्रम में भाग लेंगी।

इसी के साथ, नगर निगम ने उनके योगदान को स्थायी रूप देने के लिए त्रिवेणी नगर वार्ड के अंतर्गत सीतापुर मेन रोड के पेट्रोल पंप से उनके निवास होते फ्लोरेंस नाइटेंगल स्कूल तक जाने वाले मार्ग का नाम ‘शुभांशु शुक्ला मार्ग’ रखने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने यह कदम उनके अंतरिक्ष मिशन और विज्ञान में योगदान को सार्वजनिक स्मरण में बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है।

शुभांशु शुक्ला के इस स्वागत समारोह को लेकर लखनऊ के शैक्षिक और वैज्ञानिक समुदाय में खासा उत्साह है। स्कूल के शिक्षक और छात्र इसे प्रेरणा का अवसर मान रहे हैं, वहीं आम नागरिक भी इस गौरवमयी पल के साक्षी बनने को उत्सुक हैं। शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Aug 2025 6:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story