राजनीति: सपा सांसदों ने बी. सुदर्शन रेड्डी का किया समर्थन, बोले- 'संवैधानिक पद की बढ़ेगी गरिमा'

सपा सांसदों ने बी. सुदर्शन रेड्डी का किया समर्थन, बोले- संवैधानिक पद की बढ़ेगी गरिमा
भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए इंडिया अलायंस के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात की। इस मुलाकात का उद्देश्य उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन जुटाना और गठबंधन की रणनीति को मजबूत करना था।

लखनऊ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए इंडिया अलायंस के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात की। इस मुलाकात का उद्देश्य उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन जुटाना और गठबंधन की रणनीति को मजबूत करना था।

बी. सुदर्शन रेड्डी ने सपा कार्यालय में अखिलेश यादव के साथ लंबी चर्चा की, जिसमें गठबंधन की एकजुटता और चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान सपा के कई वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद रहे।

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, "बी. सुदर्शन रेड्डी एक अच्छे व्यक्ति हैं। उनकी कानूनी पृष्ठभूमि और संवैधानिक समझ देश की वर्तमान जरूरतों के लिए उपयुक्त है। हमें विश्वास है कि वह इस पद पर पहुंचकर देश की सेवा करेंगे।"

सपा सांसद इकरा हसन ने इंडिया अलायंस की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा, "हमारा गठबंधन पूरे समर्थन के साथ सुदर्शन रेड्डी की जीत सुनिश्चित करेगा। उनकी जीत संवैधानिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करेगी।"

वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "सुदर्शन रेड्डी ने हमसे मुलाकात कर गठबंधन के नेताओं का उत्साह बढ़ाया है। हमारा गठबंधन उनकी जीत के लिए एकजुट है और पूरी ताकत से इस चुनाव में उतरेगा।"

सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने जोर देकर कहा कि उनका गैर-राजनीतिक होना सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा, "हमारा उम्मीदवार गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आता है, जिससे उपराष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद की गरिमा बढ़ेगी। उनका इस पद पर पहुंचना संविधान को और मजबूत करेगा।"

सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने भी इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, "हम सभी उनके साथ खड़े हैं और उनकी जीत के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। रेड्डी की कानूनी विशेषज्ञता और निष्पक्ष छवि उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए एक मजबूत दावेदार बनाती है। उपराष्ट्रपति चुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए हम हर संभव मदद करेंगे।"

सपा सांसद अफजाल अंसारी ने सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, "इस चुनाव में हमारा गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। सत्ताधारी पार्टी के नेता अब परेशान हैं, क्योंकि हमारा उम्मीदवार न केवल योग्य है, बल्कि देश की जनता के बीच भी उनकी स्वीकार्यता है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2025 7:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story