राजनीति: मुंबई से नहीं हटूंगा, शांतिपूर्वक लड़ाई जारी रहेगी मनोज जरांगे

मुंबई से नहीं हटूंगा, शांतिपूर्वक लड़ाई जारी रहेगी मनोज जरांगे
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज जरांगे पाटिल ने मंगलवार को देवेंद्र फडणवीस सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने यह ऐलान किया कि वे किसी भी कीमत पर मुंबई से नहीं हटेंगे।

मुंबई, 2 सितंबर (आईएएनएस)। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज जरांगे पाटिल ने मंगलवार को देवेंद्र फडणवीस सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने यह ऐलान किया कि वे किसी भी कीमत पर मुंबई से नहीं हटेंगे।

जरांगे ने कहा कि उनका आंदोलन बीते दो वर्षों से पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है, लेकिन सरकार गरीबों की पीड़ा को नजरअंदाज कर रही है।

उन्होंने कहा कि हमने नियमों का पालन करते हुए पिछले दो सालों से आंदोलन किया है। अगर सरकार गरीबों को भूल जाएगी, तो वह गरीबों के दर्द को भी भूल जाएगी। हमें न्याय पर भरोसा है। कोर्ट के आदेश पर हमने सारी गाड़ियां हटा दीं। फिर भी सरकार हमारे खिलाफ जा रही है। जरांगे ने कहा कि अब तक 58 लाख लोगों का पंजीकरण हो चुका है, लेकिन 'कुनबी' प्रमाणपत्र जारी नहीं किए गए हैं।

जरांगे पाटिल ने स्पष्ट कहा कि हम मुंबई से तब तक नहीं जाएंगे, जब तक प्रमाणपत्र नहीं दिए जाते। अगर आजाद मैदान के बाहर लड़कों पर लाठीचार्ज किया गया, तो यह सरकार की छवि को धूमिल करेगा। मैं यहां से हटने वाला नहीं हूं। जब मैं चला जाऊं, तब भी आप शांत रहें। यह लड़ाई शांतिपूर्वक लड़नी है। मैं मरते दम तक मुंबई नहीं छोड़ूंगा।

जरांगे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर कोर्ट में झूठे सबूत पेश करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि इसके परिणाम उन्हें भी भुगतने होंगे। उन्होंने आगे कहा कि आंदोलन के पहले दिन से ही वे सरकार के साथ बातचीत को तैयार हैं, लेकिन समाधान निकले बिना वे पीछे नहीं हटेंगे।

बता दें कि मराठा नेता मनोज जरांगे मुंबई के आजाद मैदान में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं। उनके साथ हजारों की संख्या में समर्थक जुटे हुए हैं। वे मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर सरकार के साथ बातचीत अभी तक विफल रही है।

इसी बीच, मुंबई पुलिस ने मनोज जारंगे पाटिल को नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि आंदोलन के दौरान कुछ नियमों का उल्लंघन हुआ है। इसके बाद पाटिल की लीगल टीम ने उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद उनके वकील एडवोकेट आशीष गायकवाड़ ने कहा कि वे कोर्ट में यह साबित करेंगे कि नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। उन्होंने बताया कि जारंगे की तबीयत पिछले दो दिनों से थोड़ी खराब थी और आज उनकी बात सुनने के लिए टीम आई थी।

गायकवाड़ ने आगे कहा कि लोग जारंगे का साथ दे रहे हैं और सड़कें व आंदोलन स्थल 95 फीसदी खाली हैं। उनकी टीम जारंगे का पक्ष रखने आई है, जो अभी तक कोर्ट में पेश नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि जो कुछ भी हुआ, चाहे अच्छा हो या बुरा, वे दोनों पक्षों को कोर्ट के सामने रखेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2025 11:31 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story