बॉलीवुड: उत्तर भारत में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए करीना कपूर खान ने लोगों से की अपील

मुंबई, 2 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर भारत में नदियां उफान पर हैं और बाढ़ ने खूब तबाही मचा रखी है। इस बीच बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान ने उत्तर भारत के बाढ़ पीड़ितों के लिए चिंता व्यक्त की है। साथ ही लोगों से उनकी मदद करने का अनुरोध किया है।
मंगलवार को करीना कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर दो पोस्ट साझा की हैं। इसमें अभिनेत्री ने लिखा, "मेरी प्रार्थनाएं उत्तर भारत में बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। ईश्वर आपको जल्द से जल्द राहत और शक्ति प्रदान करें। बाढ़ ने कई लोगों की जान ले ली है, घर उजड़ गए हैं और आजीविका छिन गई है। इसलिए मैं सक्षम लोगों से अपील करती हूं कि राहत कोष में जितना हो सके दान करें और हो सके तो जो लोग कर सकते हैं, कृपया विश्वसनीय राहत कोषों का समर्थन करें और मदद करने में जुटे स्थानीय लोगों का हाथ बटाएं।
'सिंघम अगेन' एक्ट्रेस ने अगली पोस्ट में हेल्पलाइन नंबर्स की एक लिस्ट भी शेयर की है।
गौरतलब है कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ ने अपना कहर बरपा रखा है। इसके चलते हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं।
इससे पहले सोमवार को बॉलीवुड स्टार सोनू सूद भी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए। एक्टर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लिखा, "मैं पंजाब के साथ हूं। इस विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित कोई भी व्यक्ति अकेला नहीं है। हम सब मिलकर हर एक व्यक्ति को फिर से अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करेंगे। अगर आपको किसी भी तरह की मदद की जरूरत है तो कृपया बेझिझक संदेश भेजें। हम आपकी हरसंभव मदद करने की पूरी कोशिश करेंगे।"
उन्होंने कहा कि पंजाब मेरी आत्मा है। चाहे सब कुछ चला जाए, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और हम हार नहीं मानते।
बता दें कि पंजाब में बाढ़ का सबसे ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है। अमृतसर में 35 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, फिरोजपुर में 24 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। फाजिल्का, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, बरनाला और मोगा में भी बाढ़ का प्रभाव देखने को मिला है। राज्य से अब तक करीब 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2025 5:35 PM IST