राजनीति: अरविंद केजरीवाल ने की पंजाब बाढ़ पीड़ितों की तारीफ, 'आप' कार्यकर्ताओं की सेवा को बताया पुण्य

चंडीगढ़, 6 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब त्रासदी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इसी बीच आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को भीषण बाढ़ में पंजाब के लोगों के हौसलों की तारीफ की।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके पंजाब में जारी भीषण बाढ़ के बीच लोगों के हौसले की तारीफ की है। उन्होंने लिखा, "आज पंजाब जिस हिम्मत और हौसले के साथ इस भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है, वह काबिले-तारीफ है। लोग एक-दूसरे का हाथ थामकर खड़े हैं। यही पंजाब की असली ताकत है।"
केजरीवाल ने पंजाब त्रासदी में 'आप' कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी सराहा। उन्होंने लिखा कि आप कार्यकर्ता दिन-रात प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं। उन्होंने इसे केवल सेवा न मानकर एक बड़ा पुण्य बताया। अपनी पोस्ट में उन्होंने प्रार्थना की, "भगवान सबको और हिम्मत दे ताकि हम मिलकर हर पीड़ित परिवार तक मदद पहुंचा सकें। पंजाब इस आपदा से और मजबूत होकर निकलेगा।"
बता दें कि पंजाब में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। राज्य के कई हिस्सों में सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं। इसी बीच प्रदेश की सत्ताधारी 'आप' सरकार के तहत राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ विपक्षी नेताओं ने उनके गुजरात दौरे पर सवाल उठाए। हालांकि, उन्होंने पंजाब के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से प्रभावित परिवारों तक खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं। राज्य सरकार ने भी केंद्र से अतिरिक्त राहत राशि की मांग की है, ताकि बाढ़ पीड़ितों को जल्द से जल्द मदद मिल सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Sept 2025 11:39 PM IST