खेल: एशिया कप भारतीय टीम ने रचा इतिहास, हासिल की सबसे बड़ी जीत
नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 में अपने सफर का आगाज धमाकेदार अंदाज में यूएई के खिलाफ जोरदार जीत के साथ किया है। इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले एशिया कप की सबसे बड़ी जीत अपने नाम कर ली है।
यूएई ने भारतीय टीम को जीत के लिए 58 रन का लक्ष्य दिया था। अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम ने 4.3 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 60 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया।
भारत का 9 विकेट से जीतना रिकॉर्ड नहीं है।
दरअसल, भारतीय टीम ने 93 गेंद रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। एशिया कप टी20 फॉर्मेट में इतनी गेंद शेष रहते किसी भी टीम ने जीत हासिल नहीं की है। भारतीय टीम पूर्ण सदस्य देश के रूप में टी20 फॉर्मेट वाले एशिया कप में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते जीत दर्ज करने वाली टीम बन गई है। ओवर ऑल सूची में भारतीय टीम का स्थान दूसरा है। पहले स्थान पर इंग्लैंड है। 2024 में इंग्लैंड ने ओमान को 101 गेंद शेष रहते हराया था।
भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी एक खास सूची में अपना नाम दर्ज कराया। अभिषेक पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बने। अभिषेक से पहले यह उपलब्धि रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन हासिल कर चुके हैं।
मैच पर नजर डालें तो भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। यूएई भारतीय गेंदबाजों के सामने 13.1 ओवर में मात्र 57 रन पर सिमट गई। आलिशान शराफू ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। वहीं, कप्तान मुहम्मद वसीम ने 19 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सका। टी20 अंतर्राष्ट्रीय में यूएई का यह न्यूनतम स्कोर है।
भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 4, शिवम दुबे ने 3 और बुमराह, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट लिए।
58 रन के लक्ष्य को भारत ने 4.3 ओवर में हासिल कर लिया। अभिषेक और गिल ने 3.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। इस स्कोर पर अभिषेक शर्मा 16 गेंद पर 3 छक्के और 2 चौके की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर उतरे सूर्यकुमार यादव ने गिल के साथ मिलकर भारत को 9 विकेट से जीत दिला दी। भारत ने 4.3 ओवर में 1 विकेट पर 60 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीता। गिल 9 गेंद पर 20 जबकि सूर्या 2 गेंद पर 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2025 11:55 PM IST