अपराध: रांची में प्रतिबंधित मांस लदी दो पिकअप वैन जब्त, चार गिरफ्तार

रांची, 12 सितंबर (आईएएनएस)। रांची के खरसीदाग ओपी क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित गोवंशीय मांस की बड़ी खेप से लदे दो पिकअप वाहनों से जब्त किया है। इन वाहनों पर सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त मांस पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची के दलादली की ओर से दो पिकअप वाहन तेज गति से खरसीदाग की ओर आ रहे हैं। इनमें गोवंशीय मांस लोड कर कोलकाता भेजा जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और मुख्यालय प्रथम डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
रिंग रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान दोनों पिकअप वाहन दिखे। पुलिस को देख चालक और सवार लोग वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर चार लोगों को दबोच लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने दस्तावेज दिखाते हुए वाहन में मुर्गी दाना और मछली चारा होने का दावा किया, लेकिन संदेह होने पर जब जांच की गई तो तिरपाल के नीचे प्रतिबंधित गोवंशीय मांस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि वे बिहार के रोहतास जिले से मांस लोड कर पश्चिम बंगाल के बारासात, कोलकाता ले जा रहे थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बीते कुछ महीनों से फर्जी कागजात का सहारा लेकर लगातार प्रतिबंधित मांस की तस्करी की जा रही है। गिरफ्तार लोगों की पहचान शमशेर आलम गाजी (वाहन मालिक सह चालक), एनामुल हक, सटू विश्वास और राजू गाजी के रूप में हुई है। ये सभी पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निवासी हैं। मामले में खरसीदाग ओपी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2025 9:40 PM IST