राष्ट्रीय: भाजपा की मनमानी और स्वार्थपरक नीतियों के आधार पर चल रहा देश कांग्रेस नेता गुरुनाथम

विजयवाड़ा, 19 सितंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुरुनाथम ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान राहुल गांधी के बयान का समर्थन किया और कहा कि भारत का लोकतंत्र आज संकट में है। देश का लोकतांत्रिक तंत्र वैज्ञानिक और संवैधानिक आधार पर आगे बढ़ने के बजाय भाजपा की मनमानी और स्वार्थपरक नीतियों के आधार पर चल रहा है, जो बिल्कुल सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि कोई भी संस्था, चाहे वह सरकारी हो या निजी, उसे संविधान और अधिनियमों में उल्लिखित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करना चाहिए, लेकिन भाजपा इसके विपरीत केवल अपने हितों को साधने के लिए शासन कर रही है।
गुरुनादम ने बताया कि इसी कारण राहुल गांधी ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे उनकी आवाज से अपनी आवाज मिलाकर लोकतंत्र को तानाशाही प्रवृत्ति से बचाएं। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में हमेशा युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी युवाओं ने कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था, लेकिन आज के समय में भारतीय युवा विज्ञान और प्रौद्योगिकी की दुनिया तक सीमित होकर अपने इतिहास और राजनीतिक चेतना से दूर होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए यह जानना आवश्यक है कि भारत का इतिहास क्या है, कांग्रेस पार्टी का योगदान क्या है, राहुल गांधी का प्रयास क्या है और लोकतंत्र बचाने की उनकी मांग का क्या अर्थ है। हाल ही में नेपाल में देखा गया कि कैसे युवाओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई और सरकार को दिशा दी। उसी तरह आज भारत के युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे संविधान की रक्षा करते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान दें।
गुरुनादम ने यह भी कहा कि हर भारतीय नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करे और देखे कि भाजपा सरकार वास्तव में उन्हें लागू कर रही है या नहीं। इस बात का निर्णय युवाओं को ही करना है। इसके लिए आवश्यक है कि युवा राजनीति में सक्रिय भागीदारी करें और किसी राजनीतिक दल से जुड़ें। जैसा कि राहुल गांधी ने कहा है, भारत में सही दल कांग्रेस पार्टी है। इसलिए, युवाओं को आगे आकर कांग्रेस में शामिल होना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवा आगे नहीं आए तो भारत का भविष्य और उसकी दृष्टि समाप्त हो जाएगी। लोकतंत्र केवल इतिहास बनकर रह जाएगा। इतिहास गवाह है कि लगभग हर बड़े नेता ने भाजपा की नीतियों का विरोध किया है। अब वक्त है कि भारत के युवा आगे आएं, लोकतंत्र को सार्थक बनाएं और देश को एक नई दिशा दें। कांग्रेस पार्टी युवाओं को फिर से अपने साथ जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी, ताकि लोकतंत्र और देश का भविष्य सुरक्षित रह सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Sept 2025 6:47 PM IST