राजनीति: राजनाथ सिंह 21 सितंबर को करेंगे मोरक्को का दौरा, रक्षा साझेदारी में नया अध्याय

नई दिल्ली, 20 सितंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 सितंबर को मोरक्को के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। यह यात्रा भारत और मोरक्को के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग का प्रतीक मानी जा रही है। रक्षा मंत्री ने इस बात की जानकारी अपने आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट के जरिए दी है।
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि वे इस दौरे के दौरान मोरक्को के रक्षा मामलों के मंत्री अबदेलतीफ लाउदयी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर गहन चर्चा होने की संभावना है।
इस यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी मोरक्को के बेररशिद में स्थित टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स मरोको की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन। यह यूनिट व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म जैसे आधुनिक सैन्य वाहनों का निर्माण करेगी।
यह संयंत्र खास इसलिए भी है क्योंकि यह अफ्रीकी महाद्वीप में पहली बार खुलने वाला भारतीय रक्षा विनिर्माण प्लांट है। इसे भारत के रक्षा क्षेत्र की वैश्विक पहुंच का बड़ा संकेत माना जा रहा है। इस कदम से भारत की 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड' नीति को भी नई गति मिलेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा, "यह फैक्ट्री भारत की रक्षा निर्माण क्षमताओं के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को दर्शाती है। यह भारत-मोरक्को रक्षा सहयोग में मील का पत्थर साबित होगी।"
अपने दौरे के दौरान रक्षा मंत्री मोरक्को की राजधानी रबात में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे और बातचीत करेंगे। वे वहां भारतीय प्रवासियों के योगदान को भी सराहेंगे और भारत सरकार की विदेश नीति और रक्षा कूटनीति से जुड़ी बातों को साझा करेंगे।
भारत और मोरक्को के बीच पिछले कुछ वर्षों में रक्षा, व्यापार, तकनीकी सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों में तेजी आई है। यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों में और मजबूती लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Sept 2025 11:06 PM IST