न्यूयॉर्क के ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन पर दिखा 'कल हो ना हो' का जादू, प्रसाद ओक ने दोहराया शाहरुख खान का आइकॉनिक अंदाज
मुंबई, 11 अगस्त (आईएएनएस)। साल 2003 में आई फिल्म 'कल हो ना हो' के किरदार, जगह और डायलॉग्स आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। फिल्म की कहानी, न्यूयॉर्क की खूबसूरती और शाहरुख खान का अंदाज दर्शकों को उस दौर की याद दिलाता है। इस कड़ी में मराठी अभिनेता और निर्देशक प्रसाद ओक ने अपनी पत्नी मंजिरी ओक के साथ न्यूयॉर्क के मशहूर ग्रैंड सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर फिल्म के चर्चित अंदाज को दोहराया और पुरानी यादों को ताजा कर दिया।
दरअसल, प्रसाद ओक इन दिनों न्यूयॉर्क में हैं, और इसी दौरान उन्होंने शहर के प्रसिद्ध ग्रैंड सेंट्रल रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस मौके को उन्होंने बॉलीवुड की लोकप्रिय फिल्म 'कल हो ना हो' की याद से जोड़ दिया। प्रसाद ने स्टेशन पर शाहरुख खान के अंदाज को अपने तरीके से दोहराया और फिल्म का चर्चित डायलॉग बोला। उनके साथ उनकी पत्नी मंजिरी ओक भी मौजूद थीं, जिन्होंने इस पूरे पल को और मजेदार बना दिया।
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस वीडियो में प्रसाद ओक स्टेशन के बीचों-बीच शाहरुख खान के आइकॉनिक अंदाज की नकल करते नजर आ रहे हैं। उनके एक्सप्रेशन और डायलॉग बोलने का तरीका साफ तौर पर 'कल हो ना हो' की याद दिलाता है। वहीं मंजिरी ओक भी इस पल का हिस्सा बनीं और दोनों की मौजूदगी ने इस वीडियो को खास बना दिया।
मंजिरी ओक ने वीडियो साझा करते हुए मराठी में मजेदार अंदाज में लिखा, ''कौन जानता है कि कल यह स्टेशन यहां होगा या नहीं, इसलिए इसे अभी साझा कर देना बेहतर है।''
उन्होंने आगे प्रसाद की नकल को लेकर भी मजेदार प्रतिक्रिया दी और कहा, ''उनके अभिनय में कहीं शाहरुख खान की झलक दिखाई दी तो कहीं अमिताभ बच्चन की, लेकिन असली मायने भावनाओं के हैं।''
बता दें कि 'कल हो ना हो' की कहानी का बड़ा हिस्सा भी न्यूयॉर्क पर आधारित था। फिल्म का निर्देशन निखिल आडवाणी ने किया था और इसमें शाहरुख खान के साथ प्रीति जिंटा और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म में प्रीति जिंटा ने नैना कैथरीन कपूर का किरदार निभाया था, जिसकी जिंदगी अमन माथुर, यानी शाहरुख खान के आने के बाद बदल जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Aug 2026 2:01 PM IST












