एनआईटी-सिलचर में मेडिकल ऑफिसर सहित कई पदों पर नौकरी का अवसर, आवेदन के लिए दो दिन शेष
दिसपुर, 28 जून (आईएएनएस)। नौकरी की तैयारी करने के साथ पदों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), सिलचर ने मेडिकल ऑफिसर सहित विभिन्न 7 पदों पर भर्ती के लिए देश के पात्र नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों पर आवेदन करने के लिए मात्र कुछ दिन ही शेष बाकी है। योग्य उम्मीदवार 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
एनआईटी की ओर से जारी 7 रिक्तियों में रजिस्ट्रार, लाइब्रेरियन, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और मेडिकल ऑफिसर के 1-1 एवं टेक्निकल असिस्टेंट के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने की इच्छा रखते हैं और एप्लीकेशन फॉर्म जमा करना चाहते हैं, वे एनआईटी-सिलचर के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'रजिस्ट्रार, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान सिलचर, डाकघर, एनआईटी सिलचर, कछार, असम - 788 010' पते पर 15 जुलाई तक या उससे पहले डाक करना होगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से रजिस्ट्रार पद के लिए पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री, लाइब्रेरियन और असिस्टेंट लाइब्रेरियन पोस्ट के लिए पुस्तकालय विज्ञान/सूचना विज्ञान/दस्तावेजीकरण में मास्टर डिग्री, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पोस्ट के लिए सिविल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक, मेडिकल ऑफिसर पद के लिए एमबीबीएस डिग्री या समकक्ष योग्यता और टेक्निकल असिस्टेंट पोस्ट के लिए बीई/बीटेक/एमसीए संबंधित विषय में होना चाहिए। इसी के साथ सभी पद के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद अनुसार 30 से 56 वर्ष की बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
इन सभी पोस्ट पर चयनित अभ्यर्थियों की सैलरी पद अनुसार होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,200 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबी और महिलाओं के लिए 600 रुपए तय किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 11:16 PM IST












