नितिन नवीन और अमित शाह ने नई दिल्ली में आवास पर फहराया तिरंगा, 'हर घर तिरंगा' अभियान में की भागीदारी

नितिन नवीन और अमित शाह ने नई दिल्ली में आवास पर फहराया तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान में की भागीदारी
'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास की छत पर तिरंगा फहराकर अभियान में भागीदारी की और गर्व के साथ सेल्फी ली।

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास की छत पर तिरंगा फहराकर अभियान में भागीदारी की और गर्व के साथ सेल्फी ली।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य हर भारतीय में तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे भी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय उत्सव का हिस्सा बनें।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत मैंने अपने आवास पर तिरंगा फहराया और देश के प्रति हमारे सामूहिक संकल्प और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को याद किया। आइए, हम सब अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और इस गौरवशाली अभियान का हिस्सा बनें। तिरंगे के साथ तस्वीर लें और 'हर घर तिरंगा' के साथ सोशल मीडिया पर साझा करें, ताकि जन-भागीदारी का यह अभियान पूरे देश में और भी व्यापक हो सके।"

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "आज 'हर घर तिरंगा' अभियान में शामिल होकर गर्व महसूस हो रहा है। 3 करोड़ से ज्यादा लोग पहले ही 'हर घर तिरंगा' की ऑफिशियल वेबसाइट पर तिरंगा फहराते हुए अपनी सेल्फी अपलोड कर चुके हैं और मैंने भी अपनी सेल्फी अपलोड कर दी है। अब, इस जश्न में शामिल होने की आपकी बारी है। हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।"

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के बलिदान, संघर्ष और एकता का प्रतीक है। उन्होंने आग्रह किया कि हर परिवार इस अभियान से जुड़े और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कर आंदोलन को और व्यापक बनाए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर मैंने 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तिरंगा फहराया। पीएम मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान आज हर भारतीय के मन में देशभक्ति और गर्व की भावना को और मजबूत कर रहा है। आज करोड़ों देशवासी तिरंगे से जुड़ रहे हैं और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को सशक्त कर रहे हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Aug 2026 6:56 PM IST

Tags

Next Story