नीतीश कुमार के विकास मॉडल की निरंतरता सुनिश्चित करेगा मंत्रिमंडल राजीव रंजन
पटना, 7 मई (आईएएनएस)। जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन ने बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस विस्तार का इंतजार काफी लंबे समय से था। मंत्रिमंडल में समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों का समुचित प्रतिनिधित्व किया गया है।
पटना में जदयू नेता राजीव रंजन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमने बिहार के विकास मॉडल की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए मंत्रिमंडल का विस्तार किया है।
उन्होंने निशांत कुमार के मंत्री पद की शपथ लेने पर कहा कि कार्यकर्ताओं का आग्रह था कि वे राजनीति में आए और पार्टी के साथ-साथ सरकार में भी रोल निभाए। पार्टी और सरकार में उनकी भूमिका बहुत अहम होने वाली है। हमें उम्मीद है कि इससे पार्टी की नींव और मजबूत होगी तथा बिहार के भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
राजीव रंजन ने पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या को बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि जांच चल रही है, लेकिन शक की सुई टीएमसी की तरफ जा रही है।
उन्होंने कहा कि नई सरकार अपराधियों को पाताल से भी ढूंढकर निकालेगी। पांच राज्यों के चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं के बयान पर राजीव रंजन ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे जहां जीतते हैं, वहां चुनाव आयोग की तारीफ करते हैं, लेकिन जहां हारते हैं, वहां चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हैं।
उन्होंने केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि केरल में उनकी जीत पर तो वे चुप हैं, लेकिन जहां हारते हैं, वहां चुनाव आयोग की शिकायत करते हैं। अब लोग इनकी साजिशों को पहचानने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी, वाम दल और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़े, जबकि केरल में वाम दल और कांग्रेस एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़े।
राजीव रंजन ने कहा कि यह किस तरह का इंडिया गठबंधन है, जो कागजों पर तो दिखाई देता है, लेकिन इसकी जमीनी हकीकत कोसों दूर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 May 2026 10:46 PM IST












