नीतीश कुमार रेड्डी ने पिछले 18 महीने में अपनी अहमियत दिखाई, वह हार्दिक के उत्तराधिकारी डोएशेट
चेन्नई, 19 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार को खेला जाना है। भारतीय टीम के सहायक कोच टेन डोएशेट ने कहा है कि ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भारतीय टीम में सीनियर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के सच्चे उत्तराधिकारी हैं।
तीसरे वनडे से पहले शुक्रवार को हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में रयान टेन डोएशेट ने कहा, "नीतीश कुमार रेड्डी को पिछले 18 महीने में अगले साल होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। वह हार्दिक पांड्या के वास्तविक उत्तराधिकारी हैं।"
डोएशेट ने कहा, "जब हार्दिक फिट होते हैं, तो वह जाहिर तौर पर एक अलग क्लास लाते हैं। वह बहुत मजबूत बल्लेबाज हैं और बेहतरीन फिनिशर हैं। ऐसे फिनिशर मिलना मुश्किल है, जो आपके लिए गेंदबाजी भी कर सके। पिछले 18 महीनों में नीतीश ने दिखाया है कि वह टीम के लिए कितने अहम हो सकते हैं। उनका शरीर मजबूत होता जा रहा है और वह हार्दिक के वास्तविक विकल्प हैं।"
उन्होंने कहा कि नीतीश पिछला मैच नहीं खेल पाए थे। उसे शुरुआत करने की जरूरत है। मैं नीतीश और वाशिंगटन सुंदर के अलावा पांच बल्लेबाजों को टीम में देखना चाहूंगा।
डोएशेट ने गेंदबाजी ऑलराउंडर की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, "हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 9 नंबर पर आकर अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। गुरनूर बरार और हर्षित राणा ऐसे ही गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। अगले 14-15 महीनों को देखते हुए, यह बहुत जरूरी होने वाला है, खासकर दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप में तीन तेज गेंदबाज खिलाना चाहते हैं।"
सहायक कोच ने आखिरी वनडे में भारतीय प्लेइंग इलेवन में बदलाव के संकेत देते हुए कहा, "हम पहले दो मैच से कुछ बदलाव करेंगे। सीरीज से पहले हमने निर्णय लिया था कि हम कुछ अलग कॉम्बिनेशन आजमाएंगे और सभी को मैच खेलने का अवसर देंगे। अगर अर्शदीप जैसा कोई पहले दो गेम में बहुत अच्छा करता है, तो वह कल आराम कर सकता है।"
ईशान किशन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि ईशान के साथ, एकमात्र चिंता यह थी कि क्या वह खुद को एक टी20 विशेषज्ञ से 50 ओवर या टेस्ट मैच के खिलाड़ी के रूप में बदल पाता है या नहीं। मुझे लगता है कि उसने अपनी क्षमता दिखा दी है। वह स्वभाव से बहुत आक्रामक है। हमें अब भी लगता है कि इस टीम में उसके लिए जगह है। ईशान की खासियत यह है कि वह किसी भी स्थान पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसे खिलाड़ी आप अपनी टीम में चाहते हैं।"
उन्होंने कहा कि तीसरे वनडे में भी रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करेंगे, उसके बाद शुभमन गिल नंबर तीन बल्लेबाजी के लिए आएंगे।
भारतीय टीम सीरीज के शुरुआती 2 मैच जीत चुकी है। तीसरा वनडे जीत टीम इंडिया अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ करने के इरादे से शनिवार को चेन्नई में उतरेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Jun 2026 11:32 PM IST












