नोएडा 7वीं के छात्र की हत्या से सनसनी, दोस्तों पर जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर ले जाने का आरोप
नोएडा, 25 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में 13 वर्षीय सातवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। परिजनों ने छात्र की हत्या का आरोप उसके दोस्तों पर लगाया है। आरोप है कि 16 अगस्त को दो दोस्त जन्मदिन की पार्टी के बहाने छात्र को घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
करीब एक सप्ताह बाद 21 अगस्त को सेक्टर-54 के जंगल क्षेत्र से एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में 13 वर्षीय हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के रूप में हुई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 25 अगस्त को मृतक की मां ने थाना सेक्टर-24 में तहरीर देकर बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला घर से खेलने के लिए अपने दोस्तों के घर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं आया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि आयुष को उसके दोस्तों ने जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर से बुलाया था और बाद में सेक्टर-54 के जंगल में ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य बाल अपचारी और मृतक आयुष शुक्ला एक ही समुदाय से हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई चोट परिलक्षित नहीं हुई है। वहीं, परिजनों की ओर से बताया गया है कि पोस्टमार्टम के दौरान शव काफी गला हुआ पाया गया और वह करीब सात दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। ऐसे में मौत के वास्तविक कारण और घटनाक्रम को स्पष्ट करने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों का अध्ययन कर रही है।
छात्र की मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। परिजनों ने कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही है।
स्थिति को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर एडीसीपी, एसीपी समेत दो थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों की ओर से परिजनों से लगातार बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि आयुष के साथ क्या हुआ, इसका पूरा सच सामने आना चाहिए और यदि हत्या की गई है तो इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
छात्र के घर से निकलने के बाद उसके संपर्क में आए लोगों, घटनास्थल और शव बरामद होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Aug 2026 8:34 PM IST












