न्यायपालिका की गरिमा के लिए जज को खुद केस से अलग होना चाहिए अनुराग ढांडा
रोहतक, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की कथित आबकारी नीति मामले में सुनवाई को लेकर दायर याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका को खारिज कर दिया है। इस याचिका में केजरीवाल ने मामले की सुनवाई कर रहीं जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को केस से हटाने की मांग की थी। अदालत के इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
आप के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर देशभर में सवाल खड़े हो रहे हैं। जो लोग इस प्रकरण पर नजर बनाए हुए थे, उनके मन में भी कई तरह की शंकाएं उत्पन्न हुई हैं। केजरीवाल की याचिका में दो मुख्य बिंदु उठाए गए थे। पहला, जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के परिजनों का केंद्र सरकार के एक पैनल से जुड़ा होना और उससे संभावित लाभ मिलने को लेकर सवाल। दूसरा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे संगठनों के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को भी मुद्दा बनाया गया। उन्होंने कहा कि इन तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष सुनवाई को लेकर संदेह उत्पन्न होना स्वाभाविक है।
आप नेता ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में आम जनता के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या निष्पक्ष निर्णय हो पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पहले इसी तरह के एक मामले में जांच एजेंसी की मांग पर संबंधित जज ने खुद को अलग कर लिया था, ऐसे में इस मामले में ऐसा क्यों नहीं हुआ।
न्यायपालिका की गरिमा पर जोर देते हुए अनुराग ढांडा ने कहा कि यदि किसी भी पक्ष के मन में न्याय प्रक्रिया को लेकर संदेह हो, तो पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित जज को स्वयं ही केस से अलग हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता और पारदर्शिता न्याय प्रणाली की सबसे बड़ी ताकत है और इस पर किसी तरह का प्रश्नचिह्न नहीं लगना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 4:50 PM IST












