पांचवां टी20 अंतिम मुकाबला भी गंवा बैठी टीम इंडिया, इंग्लैंड ने 4-0 से जीती सीरीज

साउथैम्पटन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारत को द रोज बाउल में खेले गए टी20 सीरीज के पांचवें और अंतिम मैच में 56 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ मेजबान इंग्लैंड ने सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली है।
दोनों देशों के बीच सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। अगले मुकाबले में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत हासिल की और तीसरे मैच में भारत को 125 रन से मात दी। भारत सीरीज का चौथा मैच 9 विकेट से गंवा बैठा। इसी के साथ सीरीज भी हाथ से निकल गई। टीम इंडिया के पास अंतिम मैच को जीतकर खाता खोलने का मौका था, लेकिन इसमें भी असफलता ही हाथ लगी। अब दोनों देश 14, 16 और 19 जुलाई को तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेंगे।
शनिवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक की 233 रन की साझेदारी की बदौलत 3 विकेट खोकर 257 रन बनाए।
इस टीम ने 8 के स्कोर पर फिलिप साल्ट (6) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद ब्रूक ने बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 233 रन जुटाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। टीम ने 18.4 ओवर में बटलर के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवाया, जो 64 गेंदों में 8 छक्कों और 12 चौकों के साथ 131 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अगली गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने जैकब बेथेल (0) का विकेट भी हासिल कर लिया, लेकिन कप्तान अंत तक टिके रहे। ब्रूक 45 गेंदों में 8 छक्कों और 4 चौकों के साथ 95 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए शिवम दुबे ने 22 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 201 रन ही बना भारत सकी। मेहमान टीम ने 25 के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (3) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन जुटाकर टीम को 55 के स्कोर तक पहुंचाया। संजू 14 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 27 रन बनाकर आउट हुए।
यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन के साथ 30 गेंदों में 55 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। अय्यर 16 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ईशान ने 35 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 56 रन की पारी खेली। इनके अलावा, तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 53 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए सैम करन ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि आदिल रशीद ने 2 विकेट निकाले। जोफ्रा आर्चर, जोश टंग और लियाम डॉसन के हाथ 1-1 विकेट लगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 11:38 PM IST












