पहलगाम हमले के एक साल पर विवेक रंजन बोले- कभी नहीं भूलेंगे, कभी माफ नहीं करेंगे

पहलगाम हमले के एक साल पर विवेक रंजन बोले- कभी नहीं भूलेंगे, कभी माफ नहीं करेंगे
फिल्म निर्माता-निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने पहलगाम हमले की बरसी पर सोशल मीडिया के जरिए पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक भावुक पोस्ट करते हुए लिखा, “पहलगाम हमले को एक साल, कभी नहीं भूलेंगे, कभी माफ नहीं करेंगे।”

मुंबई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता-निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने पहलगाम हमले की बरसी पर सोशल मीडिया के जरिए पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक भावुक पोस्ट करते हुए लिखा, “पहलगाम हमले को एक साल, कभी नहीं भूलेंगे, कभी माफ नहीं करेंगे।”

इंस्टाग्राम पर किए पोस्ट में विवेक रंजन ने हमले के उन पीड़ितों को याद किया, जिनकी जान 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में गई। उन्होंने लिखा कि कुछ घाव समय के साथ नहीं भरते। वे उसी जगह पर टिके रहते हैं जहां वे टूटे थे। अग्निहोत्री ने एक नवयुवक नौसेना अधिकारी का जिक्र किया, जो अपनी शादी के मात्र छह दिन बाद हनीमून मनाने पहलगाम गया था। जीवन की नई शुरुआत करने वाला वह युवक कभी घर नहीं लौटा।

उन्होंने कानपुर के एक नौजवान का भी उल्लेख किया, जो कुछ दिनों के लिए घर से निकला और वापस नहीं आया।

विवेक रंजन ने बताया कि अलग-अलग परिवारों से आए 26 निर्दोष लोगों की जान गई, जिससे 26 परिवार पूरी तरह बिखर गए और कई महिलाएं विधवा हो गईं। उन्होंने इस घटना को सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि इंसानियत पर गहरा घाव बताया। उनके अनुसार, इस हमले ने न सिर्फ परिवारों को तोड़ा, बल्कि पूरे देश को दुख और सदमे में डाल दिया।

उन्होंने आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह सिर्फ लोगों की जान नहीं लेता, बल्कि खामोश पीड़ा छोड़ जाता है। किसी भी विचारधारा या कारण के नाम पर निर्दोषों की हत्या को कभी सही नहीं ठहराया जा सकता।

विवेक अग्निहोत्री ने लिखा कि आतंकवाद सिर्फ लोगों को नहीं मारता, बल्कि बीच में ही जिंदगियों को रोक देता है। यह अधूरी बातें, अधूरे सपने और ऐसे परिवार छोड़ जाता है जिन्हें अब चुपचाप जीना सीखना पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का दिन सिर्फ याद करने का नहीं है। यह एक दृढ़ संकल्प का दिन है कि कोई भी विचार, कोई भी वजह या कोई भी विश्वास कभी भी निर्दोष लोगों की जान लेने को जायज नहीं ठहरा सकता।

फिल्म निर्माता ने लिखा, “हम उन्हें याद रखने के लिए जिम्मेदार हैं। हम उन्हें इज्जत देने के लिए जिम्मेदार हैं। हम उन्हें एक ऐसी दुनिया देने के लिए ऋणी हैं जो आतंकवाद को नॉर्मल होने से मना करती है।”

पहलगाम हमला 22 अप्रैल 2025 को हुआ था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक और स्थानीय नागरिक मारे गए थे। यह हमला देश के सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 10:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story