पाकिस्तान इमरान खान की बेगम बुशरा बीबी को देर रात ले जाया गया अस्पताल, पीटीआई ने उठाए सवाल

पाकिस्तान इमरान खान की बेगम बुशरा बीबी को देर रात ले जाया गया अस्पताल, पीटीआई ने उठाए सवाल
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बेगम बुशरा बीबी को बुधवार रात गुप्त तरीके से अस्पताल ले जाने और फिर वापस जेल भेजने की खबरों पर गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में पारदर्शिता की कमी है और यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का संकेत देता है।

इस्लामाबाद, 7 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बेगम बुशरा बीबी को बुधवार रात गुप्त तरीके से अस्पताल ले जाने और फिर वापस जेल भेजने की खबरों पर गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में पारदर्शिता की कमी है और यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का संकेत देता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद बुशरा बीबी को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया था। बताया गया कि यह उनकी आंख की जांच और फॉलो-अप उपचार के लिए था। पिछले महीने उनकी दाहिनी आंख में रेटिना डिटैचमेंट की समस्या के चलते सर्जरी कराई गई थी।

पाकिस्तान के प्रमुख अंग्रेजी दैनिक डॉन के अनुसार, पीटीआई ने सवाल उठाया कि यदि उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई थी कि आधी रात को अस्पताल ले जाना पड़ा, तो सरकार और जेल प्रशासन जनता को इसकी जानकारी क्यों नहीं दे रहे हैं। पार्टी ने पूछा कि उन्हें किस अस्पताल में ले जाया गया, कौन से परीक्षण किए गए और किन डॉक्टरों ने जांच की।

पार्टी का कहना है कि बुशरा बीबी पिछले कई महीनों से एकांत कारावास, मानसिक दबाव और अमानवीय व्यवहार का सामना कर रही हैं। पीटीआई ने आरोप लगाया कि उनके निजी डॉक्टरों से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही और परिवार से मुलाकात में भी बाधाएं डाली जा रही हैं।

पीटीआई ने मांग की कि बुशरा बीबी की स्वास्थ्य स्थिति पर स्वतंत्र और पारदर्शी मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही उनके निजी चिकित्सकों को तत्काल पहुंच देने और परिवार से मुलाकात की अनुमति देने की भी मांग की गई है। पार्टी ने उन्हें तुरंत शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में स्थानांतरित करने की मांग की।

पार्टी अध्यक्ष गौहर अली खान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि बुशरा बीबी को “आई लेजर ट्रीटमेंट” के लिए अस्पताल ले जाया गया था और बाद में वापस जेल भेज दिया गया। चेतावनी दी कि यदि बुशरा बीबी की सेहत को कोई भी नुकसान पहुंचता है तो इसकी पूरी राजनीतिक, नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी सरकार और जेल प्रशासन की होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 May 2026 4:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story