यमुना जी की कृपा से गंगोत्री से प्रयागराज तक कमल की सरकार अमित शाह

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड के 1816 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यमुना जी की कृपा है कि दिल्ली, उत्तराखंड और हरियाणा में, यानी गंगोत्री से प्रयागराज तक, कमल की सरकार है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज 11 लोकार्पण और 8 शिलान्यास हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपना 24 साल का कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर हो या प्रधानमंत्री के तौर पर देश के सुशासन शब्द को जमीन पर उतारा। देश को सुरक्षित करना, अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाना, हर क्षेत्र में देश पहले नंबर पर हो, ये सुनिश्चित किया गया। आज के कार्यक्रम का 80 फीसदी काम यमुना को निर्मल बनाने का है।
उन्होंने कहा कि जब दिल्ली सरकार बनी थी तब पीएम मोदी ने कहा था कि यमुना नदी की सफाई करना प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर भ्रष्टाचार कम करें तो उसी पैसे से यमुना का शुद्धीकरण हो जाएगा। यमुना जी की कृपा है कि गंगोत्री से प्रयागराज तक कमल के फूल की सरकार है, यानी यमुना के स्वच्छ होने का रास्ता साफ है।
अमित शाह ने कहा कि यमुना शुद्धि का जो पीएम नरेंद्र मोदी का संकल्प है, वो राजनीतिक नहीं है, बल्कि जिस पवित्र स्थान पर यमुना विराजती है, उसका सम्मान करने की योजना है। 15 और 11 साल तक कांग्रेस और आप पार्टी ने दिल्ली को विकास से महरूम रखा था। 5 साल में भाजपा सरकार में दुनिया भर में दिल्ली की चर्चा हो, ऐसा हमारा विजन है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने इतने घोटाले किए कि दिल्लीवासियों ने सिर्फ घोटाले ही देखे। मोहल्ला क्लिनिक में पल्स नापने की व्यवस्था नहीं थी। ऐसे मोहल्ला क्लिनिक में किसी का इलाज कैसे हो सकता है?
उन्होंने आगे कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार में दो लाख पर इनकम टैक्स देना पड़ता था, लेकिन अब मोदी की सरकार में 12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लगता है। मोदी है तो यह परिवर्तन संभव हो पाया। पहले दिल्ली में आपदा सरकार थी। उनके राज में कूड़े का पहाड़ बढ़ता ही गया, लेकिन 2027 तक कूड़े का पहाड़ खत्म हो जाएगा और वहां गार्डन होगा। दिल्लीवासियों को केजरीवाल की वजह से आयुष्मान योजना का फायदा नहीं मिला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Oct 2025 6:57 PM IST