पंचायत योजनाओं में फर्जी लाभार्थियों की पहचान के लिए जरूरी है भौतिक सत्यापन गुरु प्रकाश पासवान

पटना, 6 नवंबर (आईएएनएस)। पंचायत योजनाओं में आधार की जगह बायोमेट्रिक सत्यापन और वोटर आईडी के इस्तेमाल पर कांग्रेस-राजद के सवालों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भौतिक प्रमाणीकरण से डुप्लिकेट और फर्जी लाभार्थी हटेंगे, जबकि मोदी सरकार ने 19 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला है। उन्होंने राहुल गांधी पर सदन की मर्यादा तोड़ने और परिवारवादी पार्टियों पर लोकतंत्र के लिए खतरा होने का आरोप लगाया।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पंचायत योजनाओं में आधार की जगह बायोमेट्रिक सत्यापन और वोटर आईडी के इस्तेमाल की बात कही है। कांग्रेस और राजद ने इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। इसे लेकर भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान कांग्रेस और राजद का स्वभाव है सवाल उठाना, लेकिन कल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रति हमारी प्रतिबद्धता को लेकर विस्तृत संचालन दिशा-निर्देश अभी आने हैं। भौतिक प्रमाणीकरण से डुप्लिकेट और फर्जी लाभार्थियों को हटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आप जानते हैं कि 12 करोड़ से अधिक आयुष्मान योजना के लाभार्थी परिवार हैं। चार करोड़ से अधिक आवास योजना के लाभार्थी हैं। साठ करोड़ जनधन खाते हैं और साठ करोड़ मुद्रा ऋण दिए गए हैं। वर्ल्ड बैंक की पॉवर्टी एंड इक्विटी रिपोर्ट ने भी कहा है कि 2011 से 2023 के बीच दुनिया में सबसे तेज गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम भारत में चला और लगभग 19 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया।
भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा कि एक समय था जब कांग्रेस के युवराज कहा करते थे कि 'पॉवर्टी इज ए स्टेट ऑफ माइंड', लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की सरकार गरीब, वंचित, पीड़ित, दलित और शोषित वर्ग को केंद्र में रखकर काम करती है। नरेंद्र मोदी 25 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में निरंतर सक्रिय हैं। हम लोगों को आज भी राम मनोहर लोहिया का भाषण, अटल बिहारी वाजपेयी का भाषण और प्रमोद महाजन का भाषण याद है। पिछले 22 वर्षों में राहुल गांधी का कोई ऐसा भाषण या पंक्ति बता दीजिए जो आज तक लोगों को याद हो।
उन्होंने कहा कि अपरिपक्व बालक की तरह व्यवहार ठीक नहीं है। सदन चलता है तो मर्यादाओं का ध्यान नहीं रखा जाता है। हर सीमा का उल्लंघन किया जाता है। सदन चलने नहीं दिया जाता। गृहमंत्री जी ने कहा है कि आइए, सदन में 140 करोड़ लोगों की संप्रभुता के मंच पर बहस कीजिए। तर्क नहीं है, तथ्य नहीं हैं, कोई बुनियाद नहीं है और फिर बीच में छोड़कर चले जाते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह पीएम मोदी का शासन है। अमित शाह के नेतृत्व में देश की सुरक्षा सुनिश्चित है। किसी में ऐसी हिम्मत और हैसियत नहीं होनी चाहिए कि वह भारत को अराजकता के दौर में ले जाने का प्रयास करे। यही आपकी मानसिकता है। बांग्लादेश से प्रेरणा लेंगे, शासन परिवर्तन करेंगे, प्रतिरोध करेंगे, कानून सड़क पर बनेगा, सदन में नहीं बनेगा। इस प्रकार की मानसिकता की हम घोर निंदा करते हैं। राहुल गांधी से आग्रह है कि स्पष्ट करें, वे भारत में क्या करवाना चाहते हैं।
नेशनल कॉन्फ्रेंस में बगावत के संकेत पर उन्होंने कहा कि ये परिवारवादी पार्टियां हैं। फारूक अब्दुल्ला जी रामलीला मैदान गए थे और कह रहे थे कि लोकतंत्र बचाने गए हैं, लेकिन लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा राजतंत्र से है और ये सभी लोग राजतंत्रवादी हैं। रामलीला मैदान में कौन-कौन था? सोनिया गांधी के सुपुत्र, लालू यादव के सुपुत्र, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के सुपुत्र, महबूबा मुफ्ती की सुपुत्री, शरद पवार की सुपुत्री और ममता बनर्जी के भतीजे। यह परिवार बचाओ और राजतंत्र बचाओ की राजनीति है। लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा इन्हीं राजतंत्रवादियों और सामंतवादियों से है।
वहीं, केरल में सीजेपी के निर्धारित विरोध प्रदर्शन पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, "सीजेपी नाम का संगठन अब अस्तित्व में नहीं है। इसके सदस्यों ने पहले एक मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन तब से उन्होंने अपनी प्रासंगिकता खो दी है। अगर वे खबरों में बने रहने के लिए कुछ करना चाहते हैं, तो वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
