पंचकूला में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो आरोपियों को लगी गोली, पुलिसकर्मी भी घायल

पंचकूला, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंचकूला के रायपुर रानी और चंडीमंदिर क्षेत्र में लूटपाट और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। हरिपुर ढाबर गांव के आसपास हुई इस मुठभेड़ में दो आरोपियों को गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी ने हाथापाई के दौरान एक पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया।
पंचकूला के डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन आरोपी रायपुर रानी और चंडीमंदिर क्षेत्र में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसके बाद सीआईए-1 की टीम और स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर बाइक सवार तीन आरोपियों पर पड़ी। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि घेराबंदी से बचकर भागने के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायर किए। इसके जवाब में पुलिस ने पांच राउंड गोलियां चलाईं। दोनों ओर से हुई फायरिंग में अमितेश और दीपक को गोली लग गई। वहीं, तीसरे आरोपी लखविंदर ने हाथापाई के दौरान एक पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में घायल हुए आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अमरिंदर सिंह ने आगे बताया कि मुठभेड़ के दौरान कुल नौ राउंड फायरिंग हुई। दोनों घायल आरोपी अंबाला के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी कुरुक्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल और एक बाइक बरामद की है। घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों पर पहले भी लूटपाट और स्नैचिंग से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है। साथ ही, बरामद हथियारों और बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मुठभेड़ और आरोपियों से जुड़ी अन्य जानकारियों का खुलासा किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
