पंचकूला से सीएम नायब सिंह सैनी ने स्वच्छता अभियान का किया शुभारंभ, लगाया एक पेड़ मां के नाम
पंचकूला, 13 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित मार्केट से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर और कूड़ा उठाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि वे जहां भी जाएंगे, वहां कम से कम 100 पौधे लगाए जाएंगे। जलवायु परिवर्तन का प्रभाव पूरी दुनिया महसूस कर रही है और पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई होने से पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
स्वच्छता अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के आह्वान के बाद देशभर में स्वच्छता के प्रति लोगों में व्यापक जागरूकता आई है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संकल्प लें तो प्रदेश और देश को स्वच्छ बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हरियाणा में 13 से 17 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में सफाई, जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का नेतृत्व करेंगे और आम जनता को इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी हरियाणा दौरे की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जींद आएंगे, जहां वे देश की महत्वाकांक्षी हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं हरियाणा के विकास को नई गति देंगी और प्रदेश के बुनियादी ढांचे को और मजबूत बनाएंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 12:19 PM IST












