पेपर लीक करने वाले लोग कोचिंग संस्थानों से जुड़े होते हैं, राष्ट्रीय स्तर पर हो कार्रवाईः संजय निरुपम
नागपुर, 27 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का पेपर परीक्षा से एक दिन पहले लीक होने पर शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने इसे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
आईएएनएस से बातचीत में संजय निरुपम ने कहा, "पेपर लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण खबर है। पेपर लीक करने वाला गैंग है और राष्ट्रीय स्तर संचालन होने वाला माफिया तंत्र है। हमारा संकल्प इस माफिया को नष्ट करने का होना चाहिए। महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक होने पर सरकार ने परीक्षा रद्द करने के साथ ही कार्रवाई शुरू कर दी है।"
संजय निरुपम ने कहा, "पेपर लीक करने वाले लोग कोचिंग संस्थानों से जुड़े होते हैं। कोचिंग संस्थानों की वजह से पूरा माफिया तंत्र काम करता है। ऐसे में पेपर लीक में शामिल कोचिंग संस्थाओं को पकड़ा जाना चाहिए। बच्चों को कोचिंग देना गलत नहीं है, लेकिन कोचिंग के नाम पर परीक्षाओं के पेपर लीक करना एक पाप है। ऐसे 'पापियों' को छोड़ने की आवश्यकता नहीं है। पूरे देश में ऐसे लोगों पर सरकार को शिकंजा कसना चाहिए, ताकि बच्चों का भविष्य न खराब होने पाए। पेपर लीक करना एक अपराध है। पेपर लीक रोकने के लिए अगर जरूरत हो तो सख्त कानून बनना चाहिए। अब समय आ गया है पेपर लीक करने वाले माफिया पर सख्त कार्रवाई हो।"
वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने बयान जारी कर बताया है कि महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने पूरे महाराष्ट्र राज्य में 28 जून 2026 को कुल 1,028 केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 आयोजित करने का प्रस्ताव रखा था। नीट 2026 परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं को देखते हुए परिषद ने सुरक्षा के व्यापक उपाय लागू किए थे, हालांकि 27 जून 2026 की सुबह मिली गुप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने भिवंडी में एक जगह पर छापा मारा, जहां कुछ लोगों के पास प्रश्न-पत्र से जुड़ी जानकारी होने का शक था।
इसके बाद उस सामग्री की पुष्टि के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को बुलाया गया। जांच करने पर पता चला कि उन लोगों के पास मौजूद सवाल जून 2026 की शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के प्रश्न-पत्र से मेल खाते थे। मौजूदा हालात को देखते हुए 28 जून 2026 को होने वाली टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीईटी) को स्थगित किया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 5:09 PM IST












