पश्चिम बंगाल बैंक लॉकर से 1.5 करोड़ के गहने गायब, महिला ने दर्ज कराई शिकायत

पश्चिम बंगाल बैंक लॉकर से 1.5 करोड़ के गहने गायब, महिला ने दर्ज कराई शिकायत
कोलकाता के सॉल्ट लेक में एक ज्वाइंट बैंक लॉकर से करीब 1.5 करोड़ रुपए के सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ममता सिंघी ने इस संबंध में बिधाननगर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस पुरे मामले की जांच कर रही है।

सॉल्ट लेक, 25 सितंबर (आईएएनएस)। कोलकाता के सॉल्ट लेक में एक ज्वाइंट बैंक लॉकर से करीब 1.5 करोड़ रुपए के सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ममता सिंघी ने इस संबंध में बिधाननगर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस पुरे मामले की जांच कर रही है।

ममता सिंघी ने बताया कि लॉकर उनके और उनकी बहू के नाम पर था। उन्होंने आखिरी बार 18 दिसंबर को लॉकर खोला था और उस समय उनके सभी गहने उसमें मौजूद थे। इसके बाद, 24 अगस्त को उनकी बहू लॉकर खोलने बैंक गई थी। लॉकर खुलने के बाद उसमें दोनों ज्वेलरी बॉक्स समेत कोई भी सामान नहीं मिला। बहू ने तुरंत फोन कर उन्हें इसकी जानकारी दी। इसके बाद ममता सिंघी बैंक पहुंचीं और उन्होंने भी लॉकर को खाली पाया। बैंक के मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने भी लॉकर खाली होने की स्थिति देखी।

उन्होंने बताया कि लॉकर में कई वर्षों से इकट्ठा की गई उनकी ज्वेलरी रखी थी, जिसकी कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार के सदस्य भी बैंक पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एफआईआर दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता ने बैंक प्रबंधन के रवैये पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि परिवार के लोग करीब पांच घंटे तक बैंक में बैठे रहे, लेकिन बैंक की तरफ से उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिली।

ममता सिंघी ने कहा कि परिवार ने बैंक से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की थी। लेकिन, बैंक की ओर से बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज सीधे पुलिस को दिया जाएगा और उन्हें नहीं दिखाया जा सकता। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि लॉकर तक पहुंच बैंक के माध्यम से ही संभव हुई होगी। उन्होंने कहा कि लॉकर की चाबी उनके पास है और उन्हें शक है कि डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।

घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर ममता सिंघी ने कहा कि पुलिस मामले में काम कर रही है। पुलिस बैंक में भी जा रही है और वहां पूछताछ कर रही है। बैंक की तरफ से अभी तक कोई विशेष मदद नहीं मिली है। घटना के बाद बैंक के हेड ऑफिस से आए कुछ अधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर घटना के बारे में जानकारी ली थी। इसके अलावा बैंक की ओर से अब तक कोई अन्य कार्रवाई उनके संज्ञान में नहीं आई है।

ममता सिंघी ने घटना के बाद बैंक लॉकर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोग घर में गहने सुरक्षित नहीं रख पाने के कारण बैंक लॉकर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस घटना के बाद उनका बैंक की सुरक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ गया है। उन्होंने आगे कहा कि अगर उनके गहने वापस भी मिल जाते हैं, तब भी वह भविष्य में बैंक लॉकर में ज्वेलरी नहीं रखेंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Sept 2026 9:24 PM IST

Tags

Next Story