पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान पर एनडीए नेताओं ने कहा- 'जनता बदलाव चाहती है'
नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। भाजपा, शिवसेना और आरएलडी नेताओं ने उच्च मतदान प्रतिशत को बदलाव की मांग के रूप में देखा है।
कोलकाता में राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अगले चरण में 142 विधानसभा क्षेत्रों में 29 अप्रैल को मतदान होगा। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, "ममता बनर्जी कहती हैं कि मेरे साथ केवल 16 लोग हैं और वे सभी बाहरी हैं।" उन्होंने उच्च मतदान को जनता की बदलाव की इच्छा का संकेत बताया।
मुंबई में भाजपा विधायक योगेश सागर ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हमारे नेताओं ने पहले ही कहा था कि दोनों राज्यों के लोग बदलाव चाहते हैं। अब जो वोटिंग प्रतिशत सामने आ रहे हैं, वे मतदाताओं के मूड को दर्शाते हैं। डुप्लीकेट या फर्जी मतदाताओं को हटाने के बाद भी इतनी अधिक संख्या में मतदान दर्ज होना इस बात का संकेत है कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं।"
शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग को रिकॉर्ड बताया। उन्होंने कहा, "यह निश्चित रूप से अपने आप में एक रिकॉर्ड है। पश्चिम बंगाल में पहले भी वोटिंग प्रतिशत 80 प्रतिशत से ऊपर रहा है, लेकिन इस बार स्थिति कुछ अलग है।" उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती के रूप में देखा।
शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने उच्च मतदान को बदलाव बताया और टीएमसी की आलोचना की। उन्होंने कानून-व्यवस्था, माइग्रेशन और राज्य की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने मराठी भाषा के मुद्दों और एमएनएस से जुड़े विवादों पर भी अपनी बात रखी।
दिल्ली में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) नेता के.सी. त्यागी ने कहा, "बंगाल में करीब 95 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जो लोकतंत्र की जीत है। रुझान बताते हैं कि लोग बदलाव चाहते हैं।"
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ टिप्पणियों को लेकर चुनाव आयोग द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का भी जिक्र किया।
त्यागी ने कहा, "खड़गे राज्यसभा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। उन्हें प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां करने से बचना चाहिए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 11:44 PM IST












