पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी, आईसीसी ने दोहा में होने वाली बोर्ड बैठकें रद्द कीं रिपोर्ट

पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी, आईसीसी ने दोहा में होने वाली बोर्ड बैठकें रद्द कीं रिपोर्ट
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने कथित तौर पर दोहा में होने वाली अपनी बोर्ड और समिति की बैठकें रद्द कर दी हैं। इस तनाव के कारण क्षेत्र में यात्रा बाधित हो गई है।

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने कथित तौर पर दोहा में होने वाली अपनी बोर्ड और समिति की बैठकें रद्द कर दी हैं। इस तनाव के कारण क्षेत्र में यात्रा बाधित हो गई है।

ये बैठकें 25 से 27 मार्च तक होनी थीं। इनमें आईसीसी के बोर्ड निदेशक, मुख्य कार्यकारी, समिति के सदस्य और वरिष्ठ नेतृत्व शामिल होने वाले थे। यह संगठन के चल रहे शासन कैलेंडर का हिस्सा था, जो वैश्विक खेल के वर्तमान और भविष्य से जुड़े प्रमुख मामलों पर विचार-विमर्श करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता।

ईएसपीएनक्रिकइन्फो के मुताबिक, आईसीसी अभी भी अप्रैल में आमने-सामने बैठकें आयोजित करने का विकल्प खुला रखे हुए है, हालांकि यह क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र के सामान्य रूप से काम करने पर निर्भर करेगा, ताकि बोर्ड सदस्यों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

रिपोर्ट में कहा गया है कि जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद थी, उनमें 2027 में मौजूदा समझौते की समाप्ति के बाद वैश्विक प्रसारण अधिकारों का भविष्य, अगले 'फ्यूचर टूर प्रोग्राम' (एफटीपी) के संबंध में शुरुआती बातचीत और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में क्रिकेट के लिए योग्यता प्रक्रिया शामिल थे।

दोहा में होने वाली यह बैठक पहली बार होती जब आईसीसी ने कतर में अपनी बोर्ड बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई थी। कतर एक ऐसा देश है, जहां हाल ही में क्रिकेट में भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

2020 के बाद से, कतर में क्रिकेट में कुल भागीदारी में 447 प्रतिशत का इजाफा हुई है, जिसका श्रेय खासतौर पर उन पहलों को जाता है जिनका उद्देश्य इस खेल को नए और युवा दर्शकों तक पहुंचाना है। इस वृद्धि में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका कतर ओलंपिक समिति के 'स्कूल ओलंपिक कार्यक्रम' में क्रिकेट को शामिल किए जाने की रही है, जिसने पूरे देश के स्कूलों में इस खेल को स्थापित करने में मदद की है।

इस बीच, पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कार्यक्रमों पर भी पड़ने लगा है। अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज 13 से 25 मार्च तक यूएई में खेली जानी थी, लेकिन अब इसके अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने की आशंका है। इससे पहले, पाकिस्तान शाहीन और इंग्लैंड लायंस के बीच खेली जा रही सीरीज भी इसी संकट के कारण बीच में ही रद्द कर दी गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 March 2026 3:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story