पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बदला मौसम का मिजाज, आने वाले दिनों में भी छाए रहेंगे बादल
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर (दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद) में रविवार रात से ही घने बादल छा गए थे। इसके बाद, आधी रात को करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई और आकाशीय बिजली चमकने का दौर शुरू हुआ। दक्षिण-पश्चिमी मानसून की विदाई के बाद सक्रिय हुए एक नए मौसम तंत्र (सिस्टम) के कारण दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में यह भारी वर्षा दर्ज की गई है।
इस बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई है और सुबह-शाम हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की स्थानीय मौसम रिपोर्ट और पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। 12 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 13 अक्टूबर को तापमान 33 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि ह्यूमिडिटी 80 से 70 प्रतिशत रहेगी। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कोई चेतावनी नहीं है।
14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ह्यूमिडिटी 75 से 65 प्रतिशत रहेगी और मौसम आंशिक बादलों वाला रहेगा। 15 अक्टूबर को तापमान 32 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि ह्यूमिडिटी 75 से 65 प्रतिशत दर्ज की जा सकती है। 16 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, ह्यूमिडिटी 75 से 65 प्रतिशत रहेगी।
वहीं, 17 अक्टूबर को तापमान 33 डिग्री से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई इस बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। हालांकि, तापमान में आई इस अचानक गिरावट ने सुबह-शाम ठंडक का अहसास करा दिया है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। आम जनजीवन पर इसका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है, क्योंकि गर्मी और उमस से राहत मिली है। लेकिन बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। उत्तर भारत में अक्टूबर के इस बदलते मौसम ने लोगों को राहत तो दी है, लेकिन साथ ही यह भी संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड अपने पूरे रंग में आ सकती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Oct 2026 9:34 AM IST












