पास्टर अंकुर नरूला की बढ़ सकती है मुश्किल, ईडी ने सीलबंद लिफाफे में कोर्ट में दाखिल की रिपोर्ट
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। जालंधर के पास्टर अंकुर नरूला की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अंकुर नरूला के खिलाफ कोर्ट में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीलबंद लिफाफे में रिपोर्ट दाखिल की है। अंकुर नरूला पर चंगाई सभाओं में चमत्कार के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप है।
पास्टर अंकुर नरूला पर विदेशी मिशनरी को पर्यटक वीजा पर भारत बुलाकर धार्मिक गतिविधियां करवाने के आरोप हैं। इसे विदेशी अधिनियम 1946 का उल्लंघन माना गया है। इसके साथ ही, आरोप है कि नरूला की संस्था ने बिना एफसीआरए विदेशी चंदा प्राप्त किया।
इसके इलावा, अभिषेक तेल और घड़ियों की बिक्री बिना जीएसटी बिलों के करने का आरोप है। ऐसे में मनी लॉन्ड्रिंग की आशंकाओं को देखते हुए ईडी ने मामले की जांच शुरू की थी। फिलहाल, जांच एजेंसी ने कोर्ट में सीलबंद लिफाफे में एक रिपोर्ट दाखिल की है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) भी इस मामले में जांच कर रही है। अदालत ने सीबीआई को भी नरूला पर लगे आरोपों की जांच कर सीलबंद लिफाफे में रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिया है। अदालत का यह भी निर्देश है कि इस स्टेज पर कोई भी पक्ष मीडिया को केस की जानकारी नहीं देगा। इस मामले में 6 अक्टूबर को अगली सुनवाई होनी है।
नरूला जालंधर-नकोदर रोड पर खाम्बरा गांव में पेंटेकोस्टल चर्च के तहत 'चर्च ऑफ साइन्स एंड वंडर्स' नाम का चर्च चलाते हैं। हिंदू खत्री परिवार में जन्मे नरूला ने अपने परिवार का मार्बल और टाइल्स का बिजनेस छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का फैसला किया। नरूला ने 2008 में खाम्बरा गांव में 'चर्च ऑफ साइन्स एंड वंडर्स' की स्थापना की थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Aug 2026 11:32 AM IST












