पॉल पोग्बा के साथ कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर सकता है एएस मोनाको क्लब रिपोर्ट
नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। फ्रांस के मिडफील्डर पॉल पोग्बा को चोट के कारण बड़ा झटका लग सकता है। लीग 1 क्लब एएस मोनाको पोग्बा का कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने पर विचार कर रहा है।
पोग्बा पिछले साल फ्री ट्रांसफर पर एएस मोनाको से जुड़े थे। इससे पहले जुवेंटस के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था और उन पर डोपिंग के कारण 18 महीने का बैन लगा था। 32 वर्षीय फ्रांस के मिडफील्डर ने दो साल का करार किया था, जो आने वाले सीजन के अंत तक चलना था।
मोनाको में पोग्बा का पहला सीजन चोट के कारण बाधित रहा था, लेकिन उम्मीद थी कि इस सीजन में फ्रांस का यह खिलाड़ी नियमित रूप से खेलेगा।हालांकि, 'बीसीसी' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्हें जल्दी रिलीज करने के बारे में बातचीत चल रही है और उन पर फैसला जल्द ही होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पोग्बा सितंबर 2023 से प्रतिस्पर्धी मैचों से बाहर थे। 20 अगस्त को 2023-24 सीजन के शुरुआती मैच में उडिनेस के खिलाफ जुवेंटस के लिए खेलने के बाद डोप टेस्ट में फेल होने पर उन पर बैन लगा दिया गया था। वह डीएचईए के लिए पॉजिटिव पाए गए थे, जो एक प्रतिबंधित पदार्थ है और शरीर में टेस्टोस्टेरोन के स्तर को बढ़ाता है। हालांकि, पोग्बा की मैनेजमेंट टीम ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) में इस फैसले को चुनौती दी थी। सीएएस ने चार साल के सस्पेंशन को बरकरार रखा, लेकिन बैन को घटाकर 18 महीने कर दिया। यह बैन पिछले साल मार्च में खत्म हुआ, जिससे वह अपना प्रोफेशनल करियर फिर से शुरू करने के लिए तैयार हुए।
जून 2025 में पॉल पोग्बा को मोनाको ने साइन किया। हालांकि, मोनाको में उनके कार्यकाल का बमुश्किल एक साल ही बीता है कि उन्हें एक बार फिर किसी दूसरे क्लब की तलाश करनी पड़ सकती है। पोग्बा ने 2011 में मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ अपना प्रोफेशनल डेब्यू किया था। साल 2012 में वह जुवेंट्स से जुड़े और उन्होंने वास्तव में शीर्ष स्तर पर अपनी पहचान बनाई। जुवेंट्स के साथ उन्होंने लगातार चार सीरी ए खिताब (2013 से 2016 तक) जीते। 2016 में वह मैनचेस्टर यूनाइटेड लौट आए, जहां उन्होंने छह सीजन खेले। उन्होंने 233 मैचों में 39 गोल और 51 असिस्ट किए। रेड डेविल्स (मैनचेस्टर यूनाइटेड) के साथ उन्होंने 2017 में यूईएफए यूरोपा लीग और इंग्लिश लीग कप का खिताब भी जीता।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Aug 2026 2:18 PM IST












