पहला टी20 होप-रदरफोर्ड के अर्धशतक, वेस्टइंडीज का भारत को 172 रन का टारेगट

पहला टी20 होप-रदरफोर्ड के अर्धशतक, वेस्टइंडीज का भारत को 172 रन का टारेगट
कप्तान शाई होप और शेरफन रदरफोर्ड की अर्धशतकीय पारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत के सामने पहले टी20 मैच को जीतने के लिए 172 रन का टारगेट रखा है।

लखनऊ, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। कप्तान शाई होप और शेरफन रदरफोर्ड की अर्धशतकीय पारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत के सामने पहले टी20 मैच को जीतने के लिए 172 रन का टारगेट रखा है।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी कैरेबियन टीम के लिए शाई होप और कामिल पूरण की सलामी जोड़ी ने 27 गेंदों में 38 रन जोड़े। कामिल 11 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। छठे ओवर में टीम को दो झटके लगे। शिमरॉन हेटमायर (5) और रॉवमैन पॉवेल (0) सिर्फ 44 के स्कोर तक पवेलियन लौट गए थे।

इसके बाद कप्तान शाई होप ने शेरफन रदरफोर्ड के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 63 रन जुटाए। होप 37 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 135 के स्कोर तक मेहमान टीम ने अपने 8 विकेट खो दिए।

इसके बाद रदरफोर्ड ने अकील होसेन के साथ टीम को संभाला। दोनों खिलाड़ियों के बीच 18 गेंदों में 36 रन की साझेदारी हुई, जिसने मेहमान टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। रदरफोर्ड 34 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।

भारत की तरफ से डेब्यूटेंट नमन धीर ने 4 ओवरों में 31 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट हाथ लगे। अर्शदीप सिंह और मयंक यादव ने 1-1 विकेट हासिल किया।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और मयंक यादव के साथ यह मैच खेल रही है।

वहीं, वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, रोस्टन चेज, अकील होसेन, शमर स्प्रिंगर और शमर जोसेफ शामिल हैं।

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। सीरीज के शुरुआती 2 मैच भारत ने 8-8 विकेट से जीते। इसके बाद अगले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 5 विकेट से जीत हासिल करते हुए सम्मान बचाया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Oct 2026 8:59 PM IST

Tags

Next Story