पहले टी20 में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगा न्यूजीलैंड, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?
नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 15 मार्च को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों में कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। एडेन मार्करम की गैरमौजूदगी में साउथ अफ्रीका की कमान केशव महाराज के हाथों में सौंपी गई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। हालांकि, खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। दोनों टीमों की तरफ से सेमीफाइनल खेलने वाले सिर्फ 4 ही खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते हुए दिखाई देंगे। इस सीरीज में ईश सोढ़ी, काइल जेमीसन, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ जैसे खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा, जो अपनी-अपनी टीमों के वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा थे, लेकिन टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं खेल पाए थे। हालांकि, इस टी20 सीरीज में खासतौर पर युवा खिलाड़ियों के पास दमदार प्रदर्शन करने का मौका होगा।
न्यूजीलैंड की ओर से टिम रॉबिन्सन और बेवन जैकब्स जैसे खिलाड़ियों के पास अपनी काबिलियत दिखाने का शानदार मौका होगा। वहीं, साउथ अफ्रीका टीम के फैंस की निगाहें जॉर्डन हरमन और नकोबानी मोकोएना पर होंगी, जो हाल ही में खत्म हुए एसएटी20 लीग में दमदार प्रदर्शन करके यहां पहुंचे हैं। हरमन टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी रहे थे, तो नकोबानी ने 10 मुकाबलों में 13 विकेट निकाले थे। चोट से उबरने के बाद टॉनी डी जॉर्जी भी इस सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। यह सीरीज दोनों देशों के लिए 2028 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी की आधिकारिक शुरुआत भी होगी, जिसकी सह-मेजबानी न्यूजीलैंड करेगा।
न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 74 टी20 इंटनरेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 42 मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका ने 27 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। बे ओवल क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर जमकर चौके-छक्के लगते हैं। पहली पारी का औसतन स्कोर यहां 155 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी का औसत स्कोर 137 रन है।
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले पहले टी20 में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियम और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
साउथ अफ्रीका टी20 टीम: टोनी डी जोरजी, जेसन स्मिथ, जॉर्डन हरमन, जॉर्ज लिंडे, वियान मुल्डर, कॉनर एस्टरहुइजन (विकेटकीपर), प्रेनेलन सुब्रायन, डियान फॉरेस्टर, गेराल्ड कोएत्जी, ओटनील बार्टमैन, केशव महाराज (कप्तान), लुथो सिपामाला, रुबिन हरमन, एंडिले सिमेलेन, नकोबानी मोकोएना।
न्यूजीलैंड टी20 टीम: डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, टॉम लैथम, जेम्स नीशम, जोश क्लार्कसन, मिचेल सेंटनर (कप्तान), बेवन जैकब्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, लॉकी फर्ग्यूसन, ईश सोढ़ी, कोल मैककॉन्ची, डेन क्लीवर, निक केली, बेन सियर्स, कैटेन डी क्लार्क, जेडन लेनोक्स, जैक फॉल्क्स।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 March 2026 8:52 PM IST












