पेइचिंग में भारतीय दूतावास में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

बीजिंग, 15 अगस्त (आईएएनएस)। चीन की राजधानी पेइचिंग में स्थित भारतीय दूतावास में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी, राजनयिकों सहित बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों, चीनियों व अन्य देशों के लोगों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने खूब समां बांधा, जहां शुरुआत में इंडियन कम्युनिटी की महिलाओं ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाया। वहीं, बच्चों ने देशभक्ति गीत गाकर आजादी के परवानों और देश-प्रेमियों को याद किया। तेज बारिश भी लोगों के उत्साह और जोश को कम नहीं कर सकी।
दूतावास में शनिवार की सुबह स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। सबसे पहले चीन स्थित भारतीय राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने दूतावास के प्रांगण में ध्वजारोहण किया, और इसके पश्चात राष्ट्रगीत वंते मातरम और राष्ट्र गान गाए गए।
साथ ही स्वामी विवेकानंद कल्चरल सेंटर के ऑडिटोरियम में राजदूत दोराईस्वामी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु का देश के नाम संबोधन के मुख्य अंश पढ़े। जिसमें उन्होंने कहा, आजादी का असली मतलब यह पक्का करने में है कि सभी नागरिक अपनी उम्मीदों को पूरा करने के लिए मौकों का इस्तेमाल कर सकें, और भारत को दुनिया का सबसे बड़ा देश बनाने के लक्ष्य की ओर काम करें। साथ ही कहा कि देश महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती मना रहा है, जिन्होंने सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता और महिला सशक्तीकरण में ऐतिहासिक योगदान दिया था।
इसके बाद इंडियन कम्युनिटी के बच्चों ने देशभक्ति गीत गाकर ऑडिटोरियम को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। बच्चों ने ऐ मेरे वतन के लोगों, संदेशे आते हैं, तेरी मिट्टी में मिल जावां, गुल बनके मैं खिल जावां, और भारत हमको जान से प्यारा है, जैसे गीत गाए। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का नेतृत्व भगवती प्रसाद ने किया। गीत गाने वाले बच्चों को राजदूत ने सर्टिफिकेट भी बांटे और उनके साथ तस्वीर खिंचवाई।
वहीं, राजदूत ने स्वतंत्रता दिवस से पहले हुए अलग-अलग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया, जिसमें हिंदुस्तानी संगीत (इंस्ट्रूमेंटल) में आईसीसीआर प्रतिभा संगम प्रतियोगिता की विजेता मी शुआनये और भारत को जानिए क्विज (बीकेजे) के विजेता शामिल रहे। इसके साथ ही विकसित भारत पेटिंग, फोटो और वीडियो प्रतियोगिता के विजेताओं को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए।
इस खास पर्व पर दूतावास में कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए लोगों को स्वादिष्ट इंडियन स्नैक्स के साथ-साथ चाय पीने का मौका मिला। विदेशी जमीन पर इंडियन फूड का स्वाद लेकर लोग काफी खुश नजर आए।
बता दें कि बारिश के बीच भी आजादी के पावन पर्व का प्रोग्राम होता रहा और इस अवसर पर पूरा भारतीय दूतावास देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जहां एक ओर देशभक्ति गीत बज रहे थे, वहीं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे और गुब्बारों ने वातावरण को विशेष बना दिया।
गौरतलब है कि भारत सहित दुनिया भर में स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। जबकि, 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Aug 2026 8:27 PM IST












