पीरियड्स में जरूरी है अतिरिक्त देखभाल और पोषण, जानें कैसा हो आहार

पीरियड्स में जरूरी है अतिरिक्त देखभाल और पोषण, जानें कैसा हो आहार
मासिक धर्म यानी पीरियड्स के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। हार्मोनल उतार-चढ़ाव, खून की कमी और थकान के कारण शरीर को सामान्य दिनों से ज्यादा देखभाल और पोषण की जरूरत पड़ती है। सही आहार न सिर्फ पेट दर्द, कमर दर्द और मूड स्विंग्स को कम करता है, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत भी बनाता है।

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मासिक धर्म यानी पीरियड्स के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। हार्मोनल उतार-चढ़ाव, खून की कमी और थकान के कारण शरीर को सामान्य दिनों से ज्यादा देखभाल और पोषण की जरूरत पड़ती है। सही आहार न सिर्फ पेट दर्द, कमर दर्द और मूड स्विंग्स को कम करता है, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत भी बनाता है।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन दिनों में पौष्टिक भोजन से मुश्किल दिनों को काफी हद तक आसान बनाया जा सकता है। नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, पीरियड्स के दौरान महिलाओं के शरीर से खून निकलता है, जिससे आयरन की कमी हो सकती है। इससे थकान, चक्कर आना और कमजोरी महसूस होती है। साथ ही हार्मोन बदलने से पेट में ऐंठन और सूजन जैसी समस्याएं भी होती हैं। सही खान-पान से शरीर में खून की कमी पूरी होती है, शरीर की एनर्जी बनी रहती है और दर्द भी कम होता है। हेल्थ एक्सपर्ट बताते हैं कि पीरियड्स में क्या खाएं-

फल और सब्जियां : - विटामिन और मिनरल्स का खजाना होते हैं फल। ऐसे में केला, संतरा, सेब, अनार, पपीता और कीवी जैसे फल खाएं। ये विटामिन सी और पोटेशियम से भरपूर होते हैं, जो थकान दूर करते हैं और इम्युनिटी बढ़ाते हैं। हरी सब्जियां जैसे पालक, मेथी, सरसों का साग और ब्रोकोली आयरन और फोलिक एसिड का अच्छा स्रोत हैं।

फाइबर युक्त अनाज जैसे ओट्स, दलिया, ब्राउन राइस और रागी जैसे फाइबर वाले अनाज लें। ये पाचन को बेहतर बनाते हैं और कब्ज की समस्या नहीं होने देते। प्रोटीन से भरपूर खाना जैसे दालें, छोले, राजमा, पनीर, अंडा और बादाम, अखरोट आदि प्रोटीन देते हैं। प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत रखता है और थकान कम करता है।

आयरन युक्त आहार लें जैसे पालक, चुकंदर, किशमिश, गुड़ और अनाज आयरन से भरपूर होते हैं। पीरियड्स में खून जाने के कारण आयरन की जरूरत बढ़ जाती है। विटामिन सी युक्त फलों के साथ आयरन वाले खाद्य पदार्थ लेने से आयरन बेहतर तरीके से शरीर में अवशोषित होता है। साथ ही पर्याप्त पानी और हाइड्रेटिंग ड्रिंक्स लें और दिन भर में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। नारियल पानी, हर्बल टी और नींबू पानी पीना फायदेमंद है। ये शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और सूजन कम करने में मदद करते हैं।

अतिरिक्त सावधानियां भी रखें जैसे ज्यादा तला-भुना, जंक फूड, चाय-कॉफी और ज्यादा नमक वाले खाने से बचें। गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पी सकते हैं, यह दर्द कम करने में सहायक है। हल्का व्यायाम या योगासन भी दर्द में राहत देते हैं।

पीरियड्स के दौरान सही पोषण न सिर्फ शारीरिक आराम देता है बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर रखता है। अगर दर्द बहुत ज्यादा हो या रक्तस्राव असामान्य हो तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 April 2026 12:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story