पीजीआईएमईआर भर्ती 2026 मेडिकल ऑफिसर सहित 60 पदों पर नौकरी का मौका, 3 सितंबर से आवेदन शुरू

पीजीआईएमईआर भर्ती 2026 मेडिकल ऑफिसर सहित 60 पदों पर नौकरी का मौका, 3 सितंबर से आवेदन शुरू
देश का प्रमुख चिकित्सा और अनुसंधान संस्थान, स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ने सीधी भर्ती के आधार पर पीजीआईएमईआर-चंडीगढ़ में ग्रुप 'सी' के विभिन्न 57 पदों और पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, संगरूर, पंजाब के लिए ग्रुप 'ए', 'बी' और 'सी' के अलग-अलग 3 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

चंडीगढ़, 2 सितंबर (आईएएनएस)। देश का प्रमुख चिकित्सा और अनुसंधान संस्थान, स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ने सीधी भर्ती के आधार पर पीजीआईएमईआर-चंडीगढ़ में ग्रुप 'सी' के विभिन्न 57 पदों और पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, संगरूर, पंजाब के लिए ग्रुप 'ए', 'बी' और 'सी' के अलग-अलग 3 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

पीजीआईएमईआर-चंडीगढ़ में ग्रुप 'सी' के 57 पदों के लिए जारी रिक्तियों में लाइब्रेरी अटेंडेंट ग्रेड-I का 1, एनिमल अटेंडेंट का 1, नाई का 1 और मल्टी टास्किंग स्टाफ (सफाई) ग्रेड-III के 54 पद शामिल हैं। वहीं, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, संगरूर, पंजाब के लिए जारी 3 रिक्तियों में मेडिकल ऑफिसर (ग्रुप 'ए') का 1, कंप्यूटर प्रोग्रामर (ग्रुप 'बी') का 1 और फार्मासिस्ट ग्रेड-II (ग्रुप 'सी') का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 3 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार पीजीआईएमईआर की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पोस्ट के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से मेडिकल ऑफिसर पद के लिए इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट, 1956 की पहली या दूसरी अनुसूची या तीसरी अनुसूची के भाग II में शामिल मेडिकल क्वालिफिकेशन, स्टेट मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन और परिवार नियोजन और शैक्षिक तरीकों में खास ट्रेनिंग होनी चाहिए। वहीं, संबंधित स्पेशलिटी में पोस्टग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कंप्यूटर प्रोग्रामर के लिए मैथमेटिक्स (स्टैटिसटिक्स के साथ)/ऑपरेशन रिसर्च/फिजिक्स या इंजीनियरिंग/कंप्यूटर साइंस में डिग्री और इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटर पर असल प्रोग्रामिंग या इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटर के ऑपरेशन का एक वर्ष का अनुभव; या मैथमेटिक्स (स्टैटिसटिक्स के साथ)/फिजिक्स/स्टैटिस्टिक्स में बैचलर डिग्री और इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटर के ऑपरेशन का सात वर्ष का अनुभव, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटर पर असल प्रोग्रामिंग का अनुभव भी शामिल हो, होना चाहिए।

फार्मासिस्ट ग्रेड-II के लिए मैट्रिकुलेशन या उसके समकक्ष योग्यता, फार्मेसी में डिप्लोमा और फार्मेसी एक्ट 1948 के तहत रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट होना चाहिए। लाइब्रेरी अटेंडेंट ग्रेड-I के लिए साइंस के साथ मैट्रिक, लाइब्रेरी साइंस में डिप्लोमा और किसी प्रतिष्ठित लाइब्रेरी में किताबें और जर्नल संभालने का एक वर्ष का अनुभव; एनिमल अटेंडेंट के लिए मैट्रिकुलेशन या उसके बराबर की योग्यता, किसी भी भाषा, जैसे हिंदी/अंग्रेजी/पंजाबी में पढ़ने और लिखने में सक्षम, सफाई और धूल-मिट्टी साफ करने का ज्ञान होना चाहिए।

नाई के लिए मैट्रिक पास और इस क्षेत्र में कम से कम दो साल का अनुभव; मल्टी टास्किंग स्टाफ के लिए मैट्रिकुलेशन या इसके समकक्ष योग्यता और झाड़ू लगाने, धूल साफ करने और सफाई करने का ज्ञान होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 30 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, ऑनलाइन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), कौशल परीक्षण, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 18,000 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,500 रुपए और एससी/एसटी के लिए 800 रुपए तय किया गया है। वहीं, बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2026 3:18 PM IST

Tags

Next Story