पीएम मोदी के विकसित भारत का विजन सिर्फ देश नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर भी लागू हो मोहन सिंह बिष्ट
नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत का विजन सिर्फ देश स्तर पर नहीं, बल्कि हर विधानसभा क्षेत्र और राज्य स्तर पर भी लागू होना चाहिए।
बिष्ट ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "विकसित भारत का क्या मतलब है? यह सिर्फ पूरे देश की बात नहीं है। हर विधानसभा क्षेत्र से लेकर पूरे राज्य तक के लिए प्रधानमंत्री मोदी का एक विजन है, और हम उस विजन को हकीकत में बदलने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।"
उन्होंने पिछले सवा साल में किए गए कामों का जिक्र करते हुए कहा, "हम जनता के सामने बता रहे हैं कि हमने पिछले सवा सालों में क्या-क्या काम किए हैं। हम उन्हें उन अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के बारे में बता रहे हैं जो हमने पूरे किए हैं और इन कामों के लिए सरकार से हमें जो बड़ी धनराशि मिली है, उसके बारे में भी जानकारी दे रहे हैं।"
मोहन सिंह बिष्ट ने मुस्तफाबाद को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा, "आगामी एक या दो वर्ष के अंदर मुस्तफाबाद दिल्ली की सबसे बढ़िया आदर्श विधानसभा होगी, जिसे मैं बनाकर दिखाऊंगा।"
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब में मंदिर बनाने के आह्वान पर मोहन सिंह बिष्ट ने तंज कसते हुए कहा, "अब उन्हें सीताराम याद आ गए। अब उनका सूपड़ा साफ होने वाला है। वह सीताराम का मंदिर बनाएं या फिर हनुमान जी का मंदिर बनाएं। केजरीवाल की पहले जो सोच थी, उन्हें अब उसी का फल मिल रहा है।"
वहीं, इससे पहले मुस्तफाबाद में भजन संध्या कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मोहन सिंह बिष्ट की प्रशंसा करते हुए कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि अगर आज दिल्ली के 70 विधायकों में से सबसे मेहनती और पक्के इरादे वाले विधायक को चुनना हो तो वह मोहन सिंह बिष्ट होंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 11:37 PM IST












