पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने कराया सुंदरकांड पाठ

पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने कराया सुंदरकांड पाठ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम के तौर पर नया कीर्तिमान बनाने पर बिहार में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसी क्रम में बिहार के पूर्व मंत्री और विधायक जीवेश कुमार मिश्रा ने बुधवार को पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

पटना, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम के तौर पर नया कीर्तिमान बनाने पर बिहार में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसी क्रम में बिहार के पूर्व मंत्री और विधायक जीवेश कुमार मिश्रा ने बुधवार को पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ एवं शतायु जीवन की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की गई। साथ ही विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि, राष्ट्र की समृद्धि, जनकल्याण और सुशासन के लिए प्रार्थना की गई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में जीवेश कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के लिए विश्वास, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम वर्ष रहे हैं। यह अवधि केवल सरकारी उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं और सपनों को साकार करने का कालखंड भी रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, किसानों को सशक्त बनाने, महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा प्रदान करने तथा युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। इसके साथ ही गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं।

पूर्व मंत्री ने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित इन 12 वर्षों ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को सार्थक रूप से चरितार्थ किया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी की कृपा से वे स्वस्थ, दीर्घायु और शतायु रहें तथा उनका प्रेरणादायी नेतृत्व भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 3:04 PM IST

Tags

Next Story