पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को दी जन्मदिन की बधाई
नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के पावर स्टार, जन सेना पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, "पवन कल्याण को जन्मदिन की बधाई। वे लोगों के बीच बहुत सम्मानित हैं और आंध्र प्रदेश में एनडीए के सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। समाज की सेवा करते हुए उन्हें लंबी और स्वस्थ आयु मिले, यही कामना है।"
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, "आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए एनडीए के विज़न को साकार करने की दिशा में आपके समर्पित प्रयास सराहनीय हैं। नागरिकों की निरंतर सेवा के लिए आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में कहा, "पवन कल्याण को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। वे आंध्र प्रदेश के लोगों की सेवा करने और राज्य के विकास में योगदान देने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। लोगों की सेवा में उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।"
केंद्रीय मंत्री और यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पर लिखा, "आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। यह विशेष दिन आपके जीवन में अपार खुशियां लाए और आने वाला वर्ष उत्तम स्वास्थ्य, सफलता, समृद्धि और नई उपलब्धियों से भरा हो। आपके लंबे और सुखद जीवन के लिए मेरी शुभकामनाएं।"
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। यह अवसर खुशियाँ लेकर आए और आने वाला साल अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि से भरा हो।"
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट किया, "आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री पवन कल्याण जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु प्रदान करें। लोगों की सेवा में आपको निरंतर शक्ति और सफलता मिले, यही कामना है।"
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा, "जन सेना पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। मैं दिल से कामना करता हूं कि 'पावर स्टार' के तौर पर फैंस के दिलों में हमेशा बसे रहने वाले पवन कल्याण गारू स्वस्थ और ऊर्जावान रहते हुए सौ साल का जीवन जिएं। पंचायती राज विभाग में कई सुधारों और विकास कार्यक्रमों के ज़रिए वे बड़े बदलाव ला रहे हैं। सड़क निर्माण से लेकर हरियाली को बढ़ावा देने और आदिवासी लोगों की मुश्किलें कम करने तक, उनके उठाए गए कदमों के शानदार नतीजे मिल रहे हैं। वे बदलाव की नई शुरुआत कर रहे हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि राज्य के पुनर्निर्माण को लेकर गठबंधन द्वारा जनता से किए गए वादे को पूरा करने के लिए अथक प्रयास करने वाले पवन कल्याण गारू ऐसे और भी कई जन्मदिन मनाएं।"
आंध्र प्रदेश विधान सभा उपाध्यक्ष के. रघु राम कृष्ण राजू एक्स पोस्ट में कहा, "आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पवन कल्याण को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।फिल्म इंडस्ट्री में 'पावर स्टार' के तौर पर अपनी अमिट छाप छोड़ने और लाखों प्रशंसकों का प्यार पाने के बाद पवन कल्याण ने राजनीति में कदम रखा और जन-मुद्दों के लिए संघर्ष करते हुए एक जन-नेता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उपमुख्यमंत्री के तौर पर वे आंध्र प्रदेश के विकास और वहां के लोगों की भलाई के लिए पूरी निष्ठा और अथक परिश्रम के साथ काम कर रहे हैं। तिरुमाला श्री वारी के आशीर्वाद से मेरी हार्दिक कामना है कि वे उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि के साथ पूरे सौ वर्षों का जीवन जिएं और राजनीति, सिनेमा तथा जन-सेवा के क्षेत्रों में और भी बड़ी सफलताएं हासिल करें।।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2026 11:13 AM IST












