कूटनीति: पीएम मोदी की सफल चीन यात्रा उनके कूटनीतिक कौशल का प्रमाण राजनाथ सिंह

पीएम मोदी की सफल चीन यात्रा उनके कूटनीतिक कौशल का प्रमाण राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी की चीन यात्रा को भारत की राजनयिक और रणनीतिक क्षमता का मजबूत उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि यह दौरा भारत की वैश्विक स्थिति को नई मजबूती देने वाला कदम है।

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी की चीन यात्रा को भारत की राजनयिक और रणनीतिक क्षमता का मजबूत उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि यह दौरा भारत की वैश्विक स्थिति को नई मजबूती देने वाला कदम है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजनाथ सिंह ने लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी की सफल चीन यात्रा उनके कुशल कूटनीतिक नेतृत्व और भारत की भूराजनीतिक रणनीति को नया आकार देने की क्षमता का प्रमाण है। इस यात्रा से भारत का एससीओ (शंघाई सहयोग संगठन) से जुड़ाव और भी गहरा हुआ है। यह दौरा वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को और सुदृढ़ करेगा। मैं इस बेहद सफल यात्रा के लिए प्रधानमंत्री को बधाई देता हूं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने यह दौरा जापान के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के बाद किया। चीन में उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इस मंच पर उनकी उपस्थिति को यूरेशिया क्षेत्र में भारत के प्रभाव को बढ़ाने और वैश्विक शक्तियों के साथ रणनीतिक संबंध मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है।

शनिवार को एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने देश की विदेश नीति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत 'आत्मनिर्भरता' के सिद्धांत पर चलते हुए अपने राष्ट्रीय हित को हमेशा प्राथमिकता देता रहेगा।

उन्होंने दो टूक कहा, "हमारे लिए कोई स्थायी मित्र या दुश्मन नहीं होते, केवल स्थायी हित होते हैं।"

राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि विकसित देश अब सुरक्षात्मक व्यापार नीति की ओर झुक रहे हैं, जिससे वैश्विक व्यापार को नई चुनौतियां मिल रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की चीन यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि चीन की 'आक्रामक हरकतों' के बावजूद प्रधानमंत्री 'मौन' हैं।

इस पर अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ किया कि सरकार की नीति है संवाद से समाधान, लेकिन बिना राष्ट्रीय हित के साथ समझौता किए।

उनका यह बयान विपक्ष की आलोचनाओं का सटीक जवाब माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी की कूटनीतिक पहल को कमजोरी नहीं, बल्कि रणनीतिक परिपक्वता बताया।

--आईएएनेस

वीकेयू/डीकेपी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Sept 2025 11:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story