नई दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला सुलझाया, फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। शास्त्री पार्क पुलिस स्टेशन की टीम ने हत्या की कोशिश के एक मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी पिस्तौल के साथ एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है।
पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि 15 मई को एक ई-रिक्शा पार्किंग अटेंडेंट को गोली मारी गई थी। एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय समीर के रूप में हुई है।
आरोपी समीर की निशानदेही पर एक देसी पिस्तौल के साथ-साथ एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया गया। लगातार पूछताछ के दौरान, आरोपी समीर ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और बताया कि पीड़ित एहसान ने उसे ई-रिक्शा पर बैठे देखकर बुरी तरह डांटा था। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
वहीं, एक दूसरे मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास की एक सुनियोजित आपराधिक साजिश का पर्दाफाश किया। पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि 10 मई की रात लगभग 10:30 बजे अविनाश कुमार नाम के एक शख्स ने शिकायत की कि वह दिल्ली के चांदनी चौक स्थित साइकिल मार्केट, कूचा बुलाकी बेगम में अपने किराए के मकान में मौजूद था। इसी दौरान, एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और पिस्तौल दिखाकर धमकाने के बाद 2-3 राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली शिकायतकर्ता की दाहिने जांघ पर लगी और उसे छूकर निकल गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एक टीम गठित की। 15 मई को सुबह करीब 3 बजे, पुलिस टीम ने संदिग्ध लोकेश दहिया को उसके घर से पकड़ लिया। घटना के समय पहने हुए कपड़े और चप्पलें उसके पास से बरामद की गईं। उसकी निशानदेही पर, उसी दिन सुबह 4 बजे, आरोपी दीपक कुमार को भी उसके घर से पकड़ लिया गया। अपराध में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई।
पुलिस की ओर से बताया गया कि पूछताछ के दौरान, दोनों आरोपियों ने बताया कि शिकायतकर्ता अविनाश कुमार ही इस आपराधिक साजिश का मास्टरमाइंड है। उसकी इस जानकारी पर तेजी से कार्रवाई करते हुए, आरोपी अविनाश कुमार को उसी दिन उसके घर से पकड़ लिया गया। उसके घर से एक देसी पिस्तौल के साथ दो मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों की ओर से इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन भी पुलिस टीम ने जब्त कर लिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 8:54 PM IST












