पोरवोरिम फायरिंग केस में गोवा क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता, फरार आरोपी गोपाल नाईक बॉर्डर से गिरफ्तार

पोरवोरिम फायरिंग केस में गोवा क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता, फरार आरोपी गोपाल नाईक बॉर्डर से गिरफ्तार
गोवा के चर्चित पोरवोरिम फायरिंग केस में क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी गोपाल नाईक को गोवा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गोवा-कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार को जेएमएफसी मापुसा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पणजी, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा के चर्चित पोरवोरिम फायरिंग केस में क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी गोपाल नाईक को गोवा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गोवा-कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार को जेएमएफसी मापुसा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह मामला पोरवोरिम पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर नंबर 66/2026 से जुड़ा है। घटना 28 अगस्त की है, जब पोरवोरिम के होटल नियो मैजेस्टिक के बाहर होटल और कैसीनो ग्रुप के डायरेक्टर श्रीनिवास नायक पर जानलेवा हमला हुआ था। शिकायत के अनुसार, जब श्रीनिवास नायक होटल से बाहर निकल रहे थे, तभी दो हमलावरों ने उन पर 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गए, जबकि उनके बॉडीगार्ड ने जवाबी फायरिंग कर हमलावरों को खदेड़ दिया था।

शुरुआत में इस मामले में पोरवोरिम पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। हालांकि, घटना के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के आदेश पर इस केस को क्राइम ब्रांच, रिबांदर को ट्रांसफर कर दिया गया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरा मामला कैसीनो बिजनेस में वर्चस्व की लड़ाई और बिजनेस राइवलरी से जुड़ा है।

क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई के बाद इस केस में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 9 हो गई है। इससे पहले क्राइम ब्रांच 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें दो शूटर बाबू अली और अरपुथराज उर्फ अन्ना, और साजिश में शामिल काजू शेख, इसरार अली, सूरज आचार्य, पवन सौर, सतीश शिंदे और दिनानाथ कोरी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, सातवें आरोपी सतीश शिंदे से पूछताछ के दौरान गोपाल नाईक का नाम सामने आया था। सतीश ने कबूला था कि गोपाल नाईक इस फायरिंग की साजिश में अहम सहयोगी है और उसी ने हमले की प्लानिंग में मदद की थी। इसी लीड के आधार पर क्राइम ब्रांच ने उसे ट्रेस कर बॉर्डर से धर दबोचा।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी गोपाल नाईक कुंडईम, पोंडा तालुका का रहने वाला है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इससे पहले दिसंबर 2024 में भी गोपाल नाईक पर ईडी अधिकारियों को बंधक बनाने और सबूत मिटाने के मामले में पणजी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।

फिलहाल, क्राइम ब्रांच आरोपी की भूमिका, उसके नेटवर्क और इस पूरे गैंग में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन जांच कर रही है। एसपी क्राइम राहुल गुप्ता ने बताया कि आरोपी से आगे की पूछताछ क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Oct 2026 8:54 PM IST

Tags

Next Story