प्रधानमंत्री के पिता पर टिप्पणी स्वीकार्य नहीं, माफी मांगे खड़गे एचडी कुमारस्वामी

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री और जेडी (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी की थी। कुमारस्वामी ने इसे पीएम मोदी और उनके परिवार के लिए अपमानजनक बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफ्रॉम एक्स पर एचडी कुमारस्वामी ने एक पोस्ट के जरिए खड़गे के बयान की निंदा की और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष का बयान न केवल अपमानजनक है, बल्कि राजनीतिक मर्यादा का भी स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे के शब्द मानवता का उपहास हैं और उनकी छिपी हुई कठोर मानसिकता को दर्शाते हैं।
कुमारस्वामी ने संत कवि पुरंदर दास का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने "हे आचरणहीन जिह्वा, अपनी दूषित बुद्धि का त्याग कर" जैसी बात केवल कहने के लिए नहीं कही थी, बल्कि ऐसी भाषा और व्यवहार को सुधारने के उद्देश्य से कहा था। कुमारस्वामी ने कहा कि वह खड़गे के बयान की कड़ी निंदा करते हैं।
जेडी(एस) नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिवंगत और सम्मानित पिता को राजनीतिक रूप से निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लंबे अनुभव और वरिष्ठता के बावजूद खड़गे के शब्दों में दिखाई देने वाली संकीर्णता अक्षम्य है।
कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि खड़गे का यह व्यवहार केवल राजनीतिक हताशा का संकेत नहीं है, बल्कि बेहद शर्मनाक भी है। उनके अनुसार, यह कांग्रेस पार्टी के पतन के सबसे निचले स्तर को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगनी चाहिए और अपनी वरिष्ठता तथा सार्वजनिक पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर टिप्पणी की थी। खड़गे के इस बयान का कांग्रेस नेताओं ने बचाव किया है लेकिन भाजपा के तमाम नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए माफी की मांग की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
