प्रधानमंत्री मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को दीं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को दीं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
15 अगस्त, शनिवार को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देश की आजादी के 79 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 15 अगस्त, शनिवार को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देश की आजादी के 79 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। हम उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को कृतज्ञता के साथ याद करते हैं, जिनके साहस, त्याग और अटूट संकल्प ने औपनिवेशिक शासन के अंत को सुनिश्चित किया। उनके सपने हमें 'विकसित भारत' के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। 140 करोड़ भारतीयों की शक्ति से हमारा देश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयां छू रहा है। आने वाले समय में यह यात्रा और भी तेज गति से आगे बढ़ती रहे। आइए, उनके आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करें।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "स्वतंत्रता दिवस पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज का यह दिन, भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करने का अवसर है। उनके संघर्ष ने हमें केवल राजनीतिक स्वतंत्रता ही नहीं, बल्कि अपने राष्ट्र के भविष्य को स्वयं गढ़ने का अधिकार और दायित्व भी दिया।"

रक्षा मंत्री ने आगे लिखा, "यह अवसर 140 करोड़ भारतवासियों के सामूहिक संकल्प का भी है, जिसके माध्यम से हम एक ऐसे सुरक्षित, सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण करें, जो अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिकता, प्रगति और नवाचार की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करे। जयहिंद!"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मां भारती की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सभी वीर सेनानियों को कोटि-कोटि नमन करता हूं। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को और गति देने का संकल्प लें।"

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "समस्त देशवासियों को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आइए, नए भारत को समृद्ध बनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का आत्मनिर्भर भारत साकार करने में भागीदार बनें।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर लिखा, "सभी देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। आजादी के पावन दिवस पर मैं उन महान विभूतियों, क्रांतिकारियों और स्वाधीनता सेनानियों को कोटिश: नमन करता हूं, जिन्होंने मां भारती की रक्षा और सेवा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। आइये, हम सभी मिलकर देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और “विकसित व आत्मनिर्भर भारत” निर्माण का संकल्प दोहराएं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2026 8:00 AM IST

Tags

Next Story