प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिले उप-राष्ट्रपति राधाकृष्णन, कट्टरपंथ के खात्मे को लेकर हुई सार्थक बात

प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिले उप-राष्ट्रपति राधाकृष्णन, कट्टरपंथ के खात्मे को लेकर हुई सार्थक बात
भारत के उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मुलाकात की। दोनों के बीच उप-राष्ट्रपति भवन में अहम बातचीत भी हुई।

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मुलाकात की। दोनों के बीच उप-राष्ट्रपति भवन में अहम बातचीत भी हुई।

व‍िदेश मंत्रालय के अनुसार, आगा खान पंचम की यह भारत यात्रा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर हो रही है। प्रिंस रहीम आगा खान करीब एक सप्‍ताह तक भारत की यात्रा पर रहेंगे।

उप-राष्ट्रपति के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मुलाकात की तस्वीरों के साथ एक बयान जारी किया गया। एक्स पर जारी बयान के मुताबिक, "महामहिम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को उप-राष्ट्रपति भवन में भारत के उप-राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने जल और स्वच्छता, महिला नेतृत्व वाले स्वयं-सहायता समूहों, शिक्षा और सामुदायिक विकास में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के योगदान पर चर्चा की और पूर्वी अफ्रीका तथा अफगानिस्तान में इसके असरदार कामों की सराहना की।"

इसमें आगे बताया गया कि दोनों ने खेल और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करने के साथ कट्टरपंथ को खत्म करने की जरूरत पर बल दिया और कहा कि बातचीत ही शांति, स्थिरता और साझा समृद्धि का रास्ता है।

इससे पहले प्रिंस ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने उनके दिवंगत पिता आगा खान चतुर्थ को याद करते हुए सामाजिक योगदान की सराहना की थी। दोनों ने हेल्थकेयर, खेती, ग्रामीण विकास, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्रों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलने की खुशी एक्स पर साझा की। उन्होंने कहा कि प्रिंस से उन्होंने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) द्वारा सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर गहन विमर्श किया।

इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम बुधवार को भारत पहुंचे थे। 50वें इमाम के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा है। 9 से 15 सितंबर तक भारत दौरे पर रहेंगे।

भारत यात्रा के दौरान आगा खान पंचम अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का भी दौरा करेंगे। इन शहरों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) विभिन्न विकास कार्यों और सामुदायिक पहलों से जुड़ा हुआ है। आगा खान पंचम के रूप में इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम का पद संभालने के बाद यह प्रिंस की पहली भारत यात्रा है।

प्रिंस आगा खान पंचम ने फरवरी 2025 में अपने पिता प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ के निधन के बाद पद संभाला।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Sept 2026 4:48 PM IST

Tags

Next Story