पंजाब के बटाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला, फेंके गए अंडे-टमाटर

पंजाब के बटाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला, फेंके गए अंडे-टमाटर
पंजाब के बटाला में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमला हुआ है। कुछ लोगों ने उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके। इस हमले के बाद बिट्टू ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और तीन हमलावरों को पकड़ने का दावा किया है।

बटाला, 18 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के बटाला में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमला हुआ है। कुछ लोगों ने उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके। इस हमले के बाद बिट्टू ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और तीन हमलावरों को पकड़ने का दावा किया है।

रवनीत सिंह बिट्टू पर बटाला के घासीतपुर गांव के पास हमला हुआ है। वह ड्रग्स के खिलाफ भाजपा की यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी बीच उनके काफिले पर हमला हुआ। कई लोगों ने अंडे और टमाटर फेंके। साथ ही, लोगों को नारेबाजी करते हुए देखा गया। बिट्टू ने दावा किया कि इस हमले में उनकी गाड़ी के शीशे भी टूटे हैं।

घटनास्थल पर ही रवनीत बिट्टू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "आज हमें ड्रग्स के खिलाफ एक यात्रा निकालनी थी, क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार और ड्रग एडिक्ट्स सब मिले हुए हैं। वे पिछले साढ़े चार साल से यही कर रहे हैं। वहां करीब 500 लोग थे। मैं अपनी गाड़ी से उनके बीच से गुजरा। मेरे पास जेड-प्लस सिक्योरिटी है और मेरे साथ करीब 100 सुरक्षाकर्मी होते हैं। सुरक्षा के लिए स्थानीय डीएसपी और एसपी भी पुलिस के साथ वहां मौजूद थे।"

उन्होंने तीन लोगों को पकड़ने का दावा करते हुए कहा कि इन लोगों को फोन जब्त कर लिए गए हैं। उनके फोन चालू हैं, जिन पर लगातार कहा जा रहा था कि 'उन्हें घेरो, उन्हें मारो, उनकी जान ले लो।' उन्होंने गाड़ियों पर हमला किया और गाड़ियों की खिड़कियां तोड़ दीं। अंडे और टमाटर तो छोटी बात है। उनमें से कुछ के पास हथियार भी थे।

बिट्टू ने कहा, "जब हमला किया गया तो सुरक्षाकर्मियों ने दो लोगों को पकड़ा। बाकी अन्य लोग वहां से भाग गए थे। ये लोग दोबारा हमला करने आए थे। इस समय कुछ लोग फिर पकड़े गए। ये लोग प्लानिंग के तहत हमला करने आए थे। इन लोगों को फोन हमारे पास हैं। इनके फोन सारे राज खोलेंगे। हम जांच के लिए फोन भेजेंगे।"

आरोपियों के बारे में उन्होंने कहा, "इनका कोई कसूर नहीं है। ये लोग अपनी पार्टी के कार्यकर्ता हैं।"

इसी बीच, रवनीत बिट्टू ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, "हम लोग यहां सुबह करीब 9 बजे से बैठे हैं, लेकिन पौने 11 बजे तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।"

बिट्टू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "भगवंत मान अपनी पत्नी को 5-5 करोड़ रुपए की डील से बचा सकते हैं, लेकिन हमला करने वालों को कौन बचाएगा। आज की घटना से साफ हो चुका है कि ये (आप नेता) वाकई नशे के सौदागर हैं। इन लोगों को नशे के खिलाफ हमारी यात्रा की प्रशंसा करनी चाहिए थी।"

उन्होंने यह भी कहा कि हम बम-गोलियों से नहीं डरे हैं, तो फिर क्या ये अंडे, टमाटर और पत्थर हमें रोक लेंगे। क्या इन लोगों के काले झंडे हमें रोक लेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Sept 2026 12:25 PM IST

Tags

Next Story