पंजाब को लौटाएंगे उसकी खोई हुई शान, बनाएंगे फिर से स्वर्ण राज्य नवजोत कौर सिद्धू

पंजाब को लौटाएंगे उसकी खोई हुई शान, बनाएंगे फिर से स्वर्ण राज्य नवजोत कौर सिद्धू
पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने नई पार्टी बना ली है, जिसका नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी रखा है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी पंजाब को उसकी खोई हुई पुरानी शान एक 'स्वर्ण राज्य' होने का गौरव वापस दिलाने का काम करेगी।

चंडीगढ़, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने नई पार्टी बना ली है, जिसका नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी रखा है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी पंजाब को उसकी खोई हुई पुरानी शान एक 'स्वर्ण राज्य' होने का गौरव वापस दिलाने का काम करेगी।

नवजोत कौर सिद्धू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक फोटो पोस्ट की है, जिसके बैकग्राउंड में नई पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी लिखा है। इस फोटो को पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा है कि बहुप्रतीक्षित घोषणा। उन्होंने कहा कि हमने राष्ट्रीय स्तर पर एक नए विकल्प का काम किया है, जिसमें हमने वर्तमान राजनीतिक नेताओं के प्रदर्शन मानकों का गहराई से अध्ययन और मूल्यांकन किया है। हम केवल अपने देश के लिए अपना जीवन समर्पित करना चाहते हैं और लोगों को वही देना चाहते हैं, जिसके वे वास्तव में हकदार हैं और हमसे अपेक्षा रखते हैं।

नवजोत कौर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह एक दिव्य प्रेरणा है, जिसने कुछ ऐसे समान विचारधारा वाले लोगों को एक साथ ला दिया है, जिनके पास हर राज्य में काम करने की क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प है। उनका साझा लक्ष्य है न्याय और शांति प्रदान करना और प्रेम के माध्यम से उच्च चेतना की ऊर्जा के साथ काम करते हुए ठीक वही कर दिखाना जो वाहेगुरु जी हमसे चाहते हैं।

उन्होंने कहा, "हम पंजाब को उसकी खोई हुई पुरानी शान एक 'स्वर्ण राज्य' होने का गौरव वापस दिलाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। एक ऐसा राज्य जहां लोग प्रेम, मिल-बांटकर रहने, न्याय, स्वतंत्रता के अधिकार और आजादी की शक्ति को पहचानते हों। जहां लोग बिना किसी बाहरी दखल के निस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिक विकास के उद्देश्य से काम करते हुए अपने लक्ष्यों, मूल्यों और दृष्टिकोण को प्राप्त करते हों।"

उन्होंने कहा, "यह पंजाब के लोगों की, लोगों के लिए और लोगों द्वारा चलाई जाने वाली सरकार होगी। हम 'सत्य तथा प्रेम' के उस मार्ग पर चलेंगे जो स्वयं वाहेगुरु जी की भाषा है।"

गौरतलब है कि डॉ. नवजोत कौर ने जब कांग्रेस में सीएम की कुर्सी 500 करोड़ में बिकने वाला आरोप लगाया तो उसके बाद पंजाब की राजनीति में उथल-पुथल मच गई। कांग्रेस के स्थानीय नेता से लेकर हाईकमान तक सब विपक्ष के निशाने पर आ गए। उसके बाद पार्टी ने सख्त रवैया दिखाते हुए नवजोत कौर को शोकॉज नोटिस जारी किया।

पार्टी उन्हें बाहर का रास्ता दिखाती, उससे पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। कांग्रेस छोड़ने के बाद नवजोत कौर ने केंद्र सरकार की तारीफ करनी शुरू की तो कयास लगाए जा रहे थे कि वह भाजपा में शामिल होंगी, लेकिन देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर पार्टी लॉन्च करके उन्होंने सभी को हैरत में डाल दिया। हालांकि, पार्टी की घोषणा करते वक्त उनके साथ उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू नहीं दिखे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 11:44 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story