पंजाब में बड़े पैमाने पर राज्य के खजाने की हुई लूट, आप सरकार महाभ्रष्टः कांग्रेस

पंजाब में बड़े पैमाने पर राज्य के खजाने की हुई लूट, आप सरकार महाभ्रष्टः कांग्रेस
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी के घर पर सीबीआई की छापेमारी को लेकर कांग्रेस सांसद अमर सिंह, कांग्रेस नेता उदित राज, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता मनोज पांडे और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार वेरका और शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर प्रतिक्रिया दी।

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी के घर पर सीबीआई की छापेमारी को लेकर कांग्रेस सांसद अमर सिंह, कांग्रेस नेता उदित राज, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता मनोज पांडे और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार वेरका और शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर प्रतिक्रिया दी।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार वेरका ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हाई कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पंजाब में बड़े पैमाने पर राज्य के खजाने की लूट हुई है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली से खाली बैठे लगभग 100 से 150 लोगों को लाकर पंजाब के अपने विभिन्न दफ्तरों में खजाने की लूट करने के लिए बैठाया है। इसकी शिकायतें भी लगातार आ रही हैं।"

उन्होंने कहा, "पंजाब सरकार ने 'राजधर्म' का पालन नहीं किया, बल्कि 'राजनीतिक धर्म' का पालन किया है। यह चिंता का विषय है, जिसको हाई कोर्ट ने भी गंभीरता से लिया है। मुझे लगता है कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए।"

कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने कहा, "यह तो बहुत ही स्पष्ट है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की सरकार में बिल्कुल भ्रष्टाचार इतना ज्यादा है कि जब ईडी ने छापा मारा तो मोहाली के एक मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग से 21 लाख रुपये कैश नीचे फेंका था। यह तो दलाली का धंधा है, बहुत ही ज्यादा करप्शन है।"

भगवंत मान द्वारा भाजपा पर आरोप लगाए जाने पर अमर सिंह ने कहा, "अगर वे थोड़ी बहुत भी कार्रवाई करते तो शायद इनको जगह न मिलती। पंजाब को दिल्ली वाले चला रहे हैं। अरविंद केजरीवाल हैं, उनकी टीम बैठी है, उनके दफ्तर में टीम बैठी हुई है। तो उनकी तो चलती ही नहीं है।"

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, "यह तो भ्रष्ट हैं ही। अब जो महाभ्रष्ट हैं, अरविंद केजरीवाल, उनके चेले तो भ्रष्ट होंगे ही। यह लूटने गए ही हैं। लुटेरे दिल्ली से पंजाब गए हैं। लेकिन इससे भी कहीं ज्यादा लूट भाजपा के राज्यों में हो रही है, तो ईडी, सीबीआई वहां क्यों नहीं जाती? एकतरफा कार्रवाई विपक्ष के खिलाफ हो रही है।"

शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा, "अपने आपको ईमानदार बताने वालों की बेईमानी पंजाब के लोगों के सामने आ गई है। हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने अपने विस्तृत आदेश में लिखा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में उनके ओएसडी समेत कई लोगों ने आईएएस और पीसीएस के ट्रांसफर में करोड़ों रुपये की धांधली की। सस्ती जमीन बेचकर करोड़ों की धांधली की।"

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शिविर कार्यालय और अन्य स्थानों पर सीबीआई द्वारा छापेमारी पर मनोज पांडेय ने कहा, "चुनाव नजदीक आते ही भाजपा सरकार की टूल किट एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। केंद्रीय एजेंसियों के पदाधिकारियों पर दबाव डालकर सरकार काम करवा रही है। एक दिन समय का पहिया घूमेगा और यही अधिकारी भाजपा नेताओं पर कार्रवाई करेंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Oct 2026 2:09 PM IST

Tags

Next Story