पंजाब में इस बार परिवर्तन तय है, ‘आप’ से जनता दुखी रोहन गुप्ता

पंजाब में इस बार परिवर्तन तय है, ‘आप’ से जनता दुखी रोहन गुप्ता
भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने दावा किया है कि इस बार पंजाब में परिवर्तन तय है। यहां की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार से तंग आ चुकी है। जनता ऐसी सरकार चाहती है, जहां सुरक्षा की गारंटी तय हो।

अहमदाबाद, 1 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने दावा किया है कि इस बार पंजाब में परिवर्तन तय है। यहां की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार से तंग आ चुकी है। जनता ऐसी सरकार चाहती है, जहां सुरक्षा की गारंटी तय हो।

अहमदाबाद में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी का मॉडल बेनकाब हो चुका है। पंजाब में जब उनके ही नेता की हत्या हो जाती है, तो कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए जवाबदेही उनकी सरकार की बनती है। पंजाब की जनता जानती है कि उन्होंने राज्य को कितने साल पीछे धकेल दिया है। पंजाब में उन्होंने जिस तरह की खतरनाक राजनीति की है, वह देश के लिए अच्छी नहीं है। इसी वजह से पंजाब की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और एबीवीपी की बड़ी जीत के साथ उस रुझान की एक झलक भी देखने को मिली। पंजाब परिवर्तन चाहता है और इस बार परिवर्तन तय है।

जीडीपी के आंकड़ों पर कांग्रेस के सवाल पर रोहन गुप्ता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने इसे 'डेड इकॉनमी' (ठप पड़ी अर्थव्यवस्था) कहा और जिसके नेता ने कहा कि 'सुनामी आने वाली है', मुझे लगता है कि 140 करोड़ भारतीयों ने उन्हें करारा जवाब दिया है। यह भारत है। यह भारत के 140 करोड़ लोगों की मेहनत है। आप चाहें भी तो इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते। आप लोगों को कितना भी डराने की कोशिश करें, चाहे कितना भी दावा करें कि 'ऐसा होगा' या 'सुनामी आएगी', भारत के लोग हर सुनामी का सामना करने में सक्षम हैं। कांग्रेस को सत्य स्वीकार कर लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मतलब है भ्रष्टाचार। राज्य बदल सकता है, लेकिन कांग्रेस की नीति नहीं बदल सकती। आए दिन खबरें आती रहती हैं कि कभी कर्नाटक की बात होती है, कभी तेलंगाना की, केरल में भी यह शुरू हो गया है और हिमाचल में तो देखा ही है कि उन्होंने राज्य का क्या हाल कर दिया है। कांग्रेस पार्टी के नेता जनता के सामने बड़े-बड़े दावे करते हैं कि 'हम यह करेंगे, हम वह करेंगे लेकिन जहां भी उन्हें मौका मिला, जनता के लिए कुछ नहीं किया।

राजस्थान निकाय चुनाव को लेकर रोहन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी नहीं बदलेगी और कल राजस्थान में सभी ने इसकी एक झलक देखी। जिस तरह उनके ही कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं पर आरोप लगाए, टिकट नहीं दिए गए और बड़े नेताओं के खिलाफ हर जगह विरोध-प्रदर्शन हुए, उससे पता चलता है कि हालात नहीं बदल सकते। जब तक कांग्रेस पार्टी रहेगी, तब तक ये अंदरूनी झगड़े और समस्याएं बनी रहेंगी। अगर आप एक राजनीतिक पार्टी हैं तो बुनियादी अनुशासन होना चाहिए। छोटी-मोटी नाराजगी हो सकती है, लेकिन इस स्तर की आपसी लड़ाई का मतलब है कि टिकट बंटवारे के दौरान कुछ गड़बड़ हुई है। मुझे विश्वास है कि भाजपा की बंपर जीत होने वाली है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Sept 2026 8:47 PM IST

Tags

Next Story